बस स्टैंड डूंगला पर अतिक्रमण और जाम का मामला न्यायालय पहुँचा, प्री-लिटिगेशन में प्रशासन तलब
डूंगला बस स्टैंड पर अवैध अतिक्रमण और लगातार लग रहे जाम से परेशान आमजन की समस्या अब न्यायालय तक पहुँच गई है। बार संघ अध्यक्ष पंकज कुमार शर्मा ने प्री-लिटिगेशन के तहत सिविल न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया, जिस पर उपखंड अधिकारी, थाना अधिकारी और सरपंच को तलब किया गया है।

डूंगला। कस्बे के मुख्य बस स्टैंड क्षेत्र में लंबे समय से जारी अतिक्रमण और उससे उत्पन्न गंभीर यातायात जाम की समस्या अब न्यायिक हस्तक्षेप तक पहुँच गई है। आमजन की लगातार बढ़ती परेशानी और प्रशासनिक उदासीनता को देखते हुए बार संघ अध्यक्ष पंकज कुमार शर्मा ने सिविल न्यायालय में प्री-लिटिगेशन के तहत एक प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया है।
माननीय न्यायालय ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दिनांक 18 दिसंबर 2025 को उपखंड अधिकारी डूंगला, थाना अधिकारी डूंगला तथा डूंगला के प्रशासक/सरपंच को समन जारी कर न्यायालय में तलब किया है।
प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया गया कि डूंगला तहसील कार्यालय से लेकर प्रेमनगर तक दुकानदारों द्वारा अवैध अतिक्रमण किया जा रहा है। इसके साथ ही थैला-गाड़ी पर व्यापार करने वाले लोगों ने सड़कों पर अवैध रूप से थड़ियां जमा ली हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग अपने दुपहिया और चारपहिया वाहनों को सड़क पर ही खड़ा कर देते हैं। इन कारणों से इस व्यस्त मार्ग पर आए दिन जाम की स्थिति बन रही है।
स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि छोटे-मोटे हादसे आम हो गए हैं। एंबुलेंस सहित बड़ीसादड़ी, बोहेड़ा और कानोड़ मार्ग पर आवागमन करने वाले राहगीरों को लंबे समय तक जाम में फंसे रहना पड़ता है। इससे न केवल आम नागरिकों को परेशानी हो रही है, बल्कि इन मार्गों पर स्थित सहकार कार्यालयों के कर्मचारियों का कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
बार संघ अध्यक्ष द्वारा बताया गया कि समस्या के समाधान के लिए संबंधित जिम्मेदार एजेंसियों को मौखिक और लिखित रूप से कई बार अवगत कराया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। प्रशासनिक निष्क्रियता के चलते अंततः जनहित को प्राथमिकता देते हुए अवैध न्यूसेंस के खिलाफ सिविल न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
अब यह मामला न्यायालय के संज्ञान में आने के बाद क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि बस स्टैंड डूंगला और आसपास के इलाकों में अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु किया जाएगा, जिससे आमजन को राहत मिल सके और भविष्य में दुर्घटनाओं पर अंकुश लगे।

Praveen Mehta, Dungla
नाम: प्रवीण मेहता
वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातकाल)
कार्यक्षेत्र: डूंगला उपखंड, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासन, शिक्षा, और राजनीति
परिचय
प्रवीण मेहता राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के अंतर्गत आने वाले डूंगला उपखंड क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा व्यवस्था, स्थानीय राजनीति, घटना-दुर्घटना और जनहित से जुड़े कार्यों की रिपोर्टिंग करते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना, ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को इन योजनाओं से जोड़ना और सामाजिक सरोकार के मुद्दों को निष्पक्षता से उठाना है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
प्रवीण मेहता को प्रिंट और डिजिटल मीडिया में दो दशकों से अधिक का व्यापक अनुभव है। उनके करियर का विवरण निम्नलिखित है:
- जय राजस्थान, मेवाड़ी मीरा, और जननायक: वर्ष 2002 में इन समाचार पत्रों में कार्य किया।
- दैनिक दशपुर एक्सप्रेस: वर्ष 2006 से लगातार 12 वर्षों तक इस समाचार पत्र में अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक भास्कर: वर्ष 2008 से 2012 तक संवाददाता और एजेंसी के रूप में कार्य किया।
- प्रातकाल: वर्ष 2018 से वर्तमान तक लगातार 'प्रातकाल' समाचार पत्र के संवाददाता के रूप में डूंगला क्षेत्र में कार्यरत हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 10वीं कक्षा तक पूरी की है।
