चित्तौड़गढ़। जिले के भादसोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके को दहला दिया। उदयपुर–चित्तौड़गढ़ सिक्सलेन पर तेज गति से दौड़ रही एक कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क के बीच लगे सीमेंट डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार पलट गई और उसका इंजन बोनट से उछलकर सर्विस रोड से काफी दूर जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार हादसा मंगलवार सुबह करीब सात बजे नरधारी गांव के पास हुआ। कार उदयपुर से चित्तौड़गढ़ की ओर जा रही थी। तेज रफ्तार के कारण वाहन संतुलन नहीं संभाल सका और डिवाइडर से टकराने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। कार में फंसे एक व्यक्ति को बाहर निकालने के लिए लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। तत्काल 108 एंबुलेंस को बुलाया गया और घायल को जिला चिकित्सालय, चित्तौड़गढ़ पहुंचाया गया। घायल की पहचान प्रवीण के रूप में हुई है, जिसका उपचार जारी है। ग्रामीणों के अनुसार, हादसे में दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि मृतक और घायल तीनों उदयपुर के निवासी हैं।

भादसोड़ा थानाधिकारी महेंद्रसिंह गुर्जर ने बताया कि पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से मृतकों के शव जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाए हैं। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद शवों की शिनाख्त व पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। हादसे के बाद नेशनल हाईवे के मैनेजर नरेंद्र चौधरी, पूर्व प्रधान गोविंदसिंह सहित कई ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे।

इस दर्दनाक दुर्घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है। सिक्सलेन जैसी आधुनिक सड़क पर हुई यह घटना सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर सवाल खड़े करती है, जिन पर ध्यान देना समय की आवश्यकता बन गया है।

Piyush Mundara, Chittorgarh

Piyush Mundara, Chittorgarh

नाम: पियूष मूंदड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)

अनुभव: साल 2013 से

विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग

बीट और कवरेज 

  • स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
  • क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
  • प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
  • शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
  • बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।

शैक्षणिक योग्यता

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story