चित्तौड़गढ़। शहर के बाहेतियों की गली स्थित प्राचीन सत्यनारायण मंदिर में सोमवार को भव्य अन्नकूट और छप्पन भोग महोत्सव का दिव्य आयोजन किया गया, जहां सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। आलौकिक सजावट, विविध व्यंजनों की सुगंध और घंटे-घड़ियालों की गूंज ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।

आयोजन से जुड़े दिनेश भंडारी ने बताया कि वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुरूप इस वर्ष भी अन्नकूट महोत्सव स्थानीय क्षेत्रवासियों के सहयोग से सम्पन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों से भगवान सत्यनारायण के भोग के लिए अनेक व्यंजन तैयार कर मंदिर में अर्पित किए। मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और पुष्प सज्जा से सुसज्जित किया गया, वहीं भगवान सत्यनारायण की प्रतिमा का विशेष श्रृंगार भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा।

धूमधाम से संपन्न हुई महाआरती के बाद भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में पुजारी कन्हैया दास वैष्णव के साथ राजकुमार बाहेती, राकेश सोनी, प्रदीप टेलर, दीपक शर्मा, नरेश वैष्णव, नटवर सोमानी, नवल सोनी, दिलीप सेन, रामपाल सोनी, बंटी छीपा, गोपाल टेलर, दिनेश भंडारी और सूरत छीपा सहित मोहल्लेवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

आयोजन के सफल समापन ने समाज के सामूहिक सहयोग और धार्मिक आस्था की शक्ति को एक बार फिर उजागर किया, जिससे पूरा क्षेत्र उत्साह, भक्ति और सौहार्द की भावना से ओत-प्रोत हो उठा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story