बड़ीसादड़ी स्थित स्वामी विवेकानंद गवर्नमेंट मॉडल विद्यालय का उदयपुर के शिक्षाविद् डॉ. एच. एस. कंठालिया एवं अरुणोदय ग्रुप ऑफ कंपनीज के मैनेजिंग डायरेक्टर तथा सोशल ग्रुप ऑफ समता के प्रेसिडेंट श्री पुष्पेंद्र जी परमार ने अवलोकन एवं निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं, संस्था प्रधान एवं शिक्षकों के कार्यों की सराहना की।

अतिथियों ने विद्यालय की छात्राओं द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों का अवलोकन किया तथा उनमें अपेक्षित सुधार के लिए सुझाव देते हुए मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में ऐसा विद्यालय होना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।

इस दौरान ओलंपियाड परीक्षा में हिंदी विषय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रंशुल टेलर, छठा स्थान प्राप्त करने वाली प्रेक्षा गांग एवं प्रिंसी गांग तथा बीसवां स्थान प्राप्त करने वाली वेदिका टेलर को गोल्ड मेडल पहनाकर एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इसी दौरान अतिथियों ने विद्यालय को राधा-कृष्ण की अमूल्य मूर्तियां भेंट कीं तथा सरस्वती मंदिर बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि यदि विद्यालय के विद्यार्थी उदयपुर के शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक संस्थानों एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करना चाहते हैं तो उनके द्वारा पूरी व्यवस्था की जाएगी।

अतिथियों के सम्मान में एसडीएमसी सदस्य एवं अभिभावक समिति के सदस्य, हेड बॉय, हेड गर्ल सदस्य एवं विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को लेकर अतिथियों का मार्गदर्शन और विद्यार्थियों का सम्मान कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story