चित्तौड़गढ़। बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के सदस्य पद पर लगातार पांचवीं बार निर्वाचित होने के बाद पहली बार चित्तौड़गढ़ आगमन पर वरिष्ठ अधिवक्ता एवं बार काउंसिल ऑफ इंडिया के को-चेयरमैन सुरेश चंद्र श्रीमाली का जिला अभिभाषक संस्थान की ओर से अधिवक्ता समुदाय ने भव्य अभिनंदन एवं स्वागत समारोह आयोजित कर सम्मान किया। नवीन न्यायालय परिसर के मुख्य द्वार पर अधिवक्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद उन्हें सम्मानपूर्वक समारोह स्थल तक ले जाया गया।

समारोह में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने उपस्थित होकर सुरेश चंद्र श्रीमाली को लगातार पांचवीं बार बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के सदस्य पद पर निर्वाचित होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में संस्थान अध्यक्ष नरेश शर्मा, उपाध्यक्ष चांदनी बेरागी, सचिव लोकेंद्र सिंह राणावत, कोषाध्यक्ष कमलेश सुखवाल, सहसचिव विशाल सिंह भाटी तथा पुस्तकालय प्रभारी रोहित खटीक सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर के.जी. शर्मा, अरुण व्यास, फरजन अली, जयदत्त सिंह, सुलक्षाना सांचौरा और पूजा मेनारिया सहित वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

अभिनंदन समारोह के दौरान अधिवक्ताओं के हितों, उनके अधिकारों, सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा तथा विधि व्यवसाय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिवक्ता समुदाय के हितों के संरक्षण एवं सशक्तिकरण के लिए सामूहिक रूप से संकल्प व्यक्त किया गया।

सुरेश चंद्र श्रीमाली ने कहा कि वे लंबे समय से अधिवक्ता हितों के लिए संघर्षरत रहे हैं और भविष्य में भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ अधिवक्ता समाज के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ बार के साथ उनका विशेष आत्मीय संबंध है और बार के सहयोग, विकास तथा सशक्तिकरण के लिए वे निरंतर अपना योगदान देते रहेंगे। उन्होंने अधिवक्ताओं को आश्वस्त किया कि बार काउंसिल ऑफ राजस्थान और बार काउंसिल ऑफ इंडिया के स्तर पर अधिवक्ता समुदाय से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा तथा विधि व्यवसाय को और अधिक सशक्त एवं सम्मानजनक बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम का संचालन ओमप्रकाश शर्मा ने किया। समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ता छोगालाल डाड, महेंद्र सिंह मेड़तिया, एस.पी. सिंह राठौर, नरेंद्र पोखरना, रजनीश पितलिया तथा अभिषेक गर्ग सहित अन्य वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में सुरेश चंद्र श्रीमाली के व्यक्तित्व, कार्यशैली, विधि क्षेत्र में उनके अनुभव तथा अधिवक्ता हितों के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की।

इस अवसर पर शिवनारायण जाट, श्याम लाल शर्मा, सावन श्रीमाली, सुरेन्द्रनाथ योगी, शैलेंद्र सिंह राव, एम.पी. सिंह, राकेश जैन, रमेश चंद्र दशोरा, अनिल बोहरा, रघुनंदन दाधीच, एस.डी. व्यास, विट्ठल पांडे, शुभम सुखवाल, गिरीश दीक्षित, संदीप सेठिया, राखी राव, प्रदीप सिंह, अभिषेक चावला, निलेश भटनागर, शोभा लाल जाट, कृष्ण चंद्र शर्मा, हीरालाल सुखवाल, जगदीश चंद्र शर्मा, ज्योति पचौरी, खुशनुद खान, राजेंद्र सिंह, गुलशेर अली, राजू पुरी गोस्वामी, प्रकाश चंद शर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने अधिवक्ता समुदाय की एकजुटता, उनके हितों के संरक्षण तथा विधि व्यवसाय को सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story