सुरक्षित बचपन अभियान: चित्तौड़गढ़ में शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण
पॉक्सो कानून, बाल विवाह रोकथाम और साइबर सुरक्षा पर जागरूकता के जरिए बच्चों के व्यवहार में बदलाव पहचानकर समय पर मदद देने के लिए प्रशिक्षण आयोजित हुआ।

चित्तौड़गढ़ में सुरक्षित बचपन प्रशिक्षण के समापन पर बाल विवाह रोकने की शपथ लेते शिक्षक व अधिकारी।
बच्चों को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक शोषण से बचाने के साथ उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षित बचपन अभियान के तहत चित्तौड़गढ़ में शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित इस प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम में बाल संरक्षण कानूनों, बाल विवाह निषेध, साइबर अपराध और बच्चों को सहायता उपलब्ध कराने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
यह कार्यक्रम राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के तत्वावधान तथा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मानसिंह चूण्डावत के निर्देशानुसार संचालित सुरक्षित बचपन अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विशिष्ट न्यायाधीश एवं पोक्सो न्यायालय की न्यायाधीश लता गौड़, विशिष्ट न्यायाधीश शहनाज परवीन तथा प्राधिकरण सचिव योगिता पारीक ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
इस दौरान विशिष्ट न्यायाधीश ने पॉक्सो एक्ट 2012 के मूलभूत सिद्धांतों और बच्चों को मिलने वाले कानूनी संरक्षण के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव योगिता पारीक ने सुरक्षित बचपन अभियान का उद्देश्य स्पष्ट करते हुए कहा कि इसका मुख्य लक्ष्य बच्चों को हर प्रकार के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक शोषण से बचाना तथा उन्हें सुरक्षित, स्वस्थ और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।
प्रशिक्षण में शिक्षकों की भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। बताया गया कि माता-पिता के बाद शिक्षक ही बच्चों के सबसे करीब होते हैं। ऐसे में बच्चों के व्यवहार में होने वाले सूक्ष्म बदलावों को पहचानना और समय रहते उन्हें उचित मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराना शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इस अवसर पर निःशुल्क विधिक सहायता, विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं और विधिक जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई।
बाल कल्याण समिति की पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुशीला लड्ढा ने बाल अधिकारों, बाल हितैषी सिद्धांतों और बच्चों को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता के बारे में बताया। उन्होंने अपने विभाग की विभिन्न योजनाओं, बाल श्रम निषेध कानून, बाल विवाह निषेध अभियान तथा गुड टच-बैड टच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी साझा की। साथ ही बाल कल्याण समिति की कार्यशैली से जुड़े अपने विचार भी रखे।
इसके बाद साइबर पुलिस थाने के पुलिस उपनिरीक्षक यश्वनी जागिंड़ एवं रामनिवास ने साइबर अपराध, साइबर बुलिंग, इमेज शेयरिंग और ऑनलाइन फ्रॉड के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने जमीनी स्तर पर बाल विवाह की शिकायत करने की प्रक्रिया और साइबर फ्रॉड से संबंधित सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल भाषा में विस्तार से समाधान किया।
बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक ओमप्रकाश तोषनीवाल ने सहायता एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान करने और इस प्रक्रिया में प्रभारी शिक्षक की भूमिका एवं जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों से जुड़ी किसी भी आपातकालीन स्थिति या शिकायत का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग की जानकारी दी। साथ ही विद्यालयों में इन हेल्पलाइन नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के पोस्टर का विमोचन भी किया। समापन अवसर पर उपस्थित शिक्षकों को बाल विवाह निषेध की शपथ दिलाई गई। सभी शिक्षकों ने अपने-अपने विद्यालयों में सुरक्षित बचपन अभियान का संदेश विद्यार्थियों और अभिभावकों तक पहुंचाने तथा बाल अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन भारती गहलोत ने किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए न्यायाधीशों, शिक्षा विभाग, बाल अधिकारिता विभाग के अधिकारियों एवं पदाधिकारियों तथा उपस्थित सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। पीएलवी कुसुम मेनारिया ने कार्यक्रम में सहयोग प्रदान किया। प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को बच्चों की सुरक्षा, उनके अधिकारों और किसी भी तरह के शोषण या अपराध की स्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के प्रति जागरूक किया गया।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
