चित्तौड़गढ़। जिले में स्वास्थ्य सुरक्षा के महत्वपूर्ण कदम के तहत 23 नवम्बर से 25 नवम्बर तक उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आयोजन किया जा रहा है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार यह अभियान विशेष रूप से 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के प्रतिरक्षण को सुनिश्चित करने के लिए लागू किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ताराचंद गुप्ता ने बताया कि जिले में इस अभियान के लिए कुल 1,646 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी पीएमओ, बीसीएमओ और खंड कार्यक्रम प्रबंधकों के साथ पोलियो अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने समस्त स्टाफ को प्रशिक्षण समय पर आयोजित करने, ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठकों को नियमित रखने और सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि माइक्रो प्लान के अनुसार बूथों पर आई.ई.सी. गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा और अभियान से पूर्व विद्यालयों में रैलियों और प्रचार प्रसार के माध्यम से जागरूकता बढ़ाई जाएगी। आंगनवाड़ी और शिक्षा विभाग की सहयोगात्मक भूमिका को भी बढ़ाया जाएगा, ताकि बूथ दिवस पर बच्चों की अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, हाट-बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ट्रांजिट टीमें तैनात की जाएंगी।

जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार शर्मा ने निर्देश दिया कि सभी बीसीएमओ अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर बूथों का निर्धारण, डी-फ्रीज का संधारण और वीवीएम व सीसीबी का कार्य योजना अनुसार सुनिश्चित करें। उन्होंने सुपरवाइजर्स और वैक्सीनेटर की नियुक्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। अभियान के तहत 23 नवम्बर को पोलियो बूथ पर दवा दी जाएगी, जबकि 24 और 25 नवम्बर को घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. पुनीत कुमार तिवाड़ी, डीपीएम विनायक मेहता, यूपीएम अनिल शर्मा, खुषवन्त कुमार हिण्डोनिया और अजय घारू भी उपस्थित रहे। यह अभियान जिले में बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा कवच प्रदान करने की दिशा में एक अहम प्रयास है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story