आकोला थाने का छात्रों ने किया शैक्षणिक भ्रमण, पुलिस की कार्यप्रणाली को समझा
आकोला और मुरला के सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों और पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी प्राप्त की।

आकोला थाने में भ्रमण के दौरान थाना प्रभारी चंदन सिंह और स्कूली विद्यार्थियों के साथ उपस्थित विद्यालय का स्टाफ।
आकोला। समाज सेवा शिविर के अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मुरला एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आकोला के विद्यार्थियों ने आकोला थाने का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों ने पुलिस की कार्यप्रणाली को निकटता से समझा और कानून व्यवस्था व सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
थाना परिसर पहुंचने पर थाना इंचार्ज चंदन सिंह ने विद्यार्थियों का स्वागत किया और उन्हें कानून व सुरक्षा के गुर सिखाए। पुलिस अधिकारियों ने बेहद सरल भाषा में छात्रों को एफ.आई.आर. (प्रथम सूचना रिपोर्ट) दर्ज कराने की प्रक्रिया और परिस्थितियों के बारे में बताया। इसके साथ ही वर्तमान दौर में साइबर सुरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए इंटरनेट और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के उपाय समझाए गए। यातायात नियमों के तहत सड़क सुरक्षा, हेलमेट और सीटबेल्ट की अनिवार्यता पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों को विशेष रूप से आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों जैसे 112 और 1098 आदि की जानकारी प्रदान की गई, ताकि वे अपनी व समाज की सुरक्षा के प्रति जागरूक रह सकें।
थाना इंचार्ज चंदन सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस जनता की मित्र और मददगार है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे कानून का पालन करने वाले आदर्श नागरिक बनें ताकि एक सुरक्षित समाज का निर्माण हो सके। भ्रमण के दौरान बच्चों में पुलिस द्वारा उपयोग में लाए जाने वाले आधुनिक उपकरणों और हथियारों को लेकर विशेष कौतूहल देखा गया। पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शन के माध्यम से समझाया कि विपरीत परिस्थितियों में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए इन उपकरणों का उपयोग किस प्रकार किया जाता है।
इस अवसर पर शिविर प्रभारी एवं पीईईओ मुरला अशोक कुमार रेगर ने विद्यार्थियों को समाज सेवा शिविर के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों का व्यावहारिक ज्ञान बढ़ता है और वे समाज व सरकारी व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से समझ पाते हैं। कार्यक्रम में आकोला यूसीईओ अनिल कुमार शर्मा, मुरला उप प्रधानाचार्य कालूराम गाडरी, व्याख्याता दिनेश गाडरी, इकबाल हुसैन, माधवलाल मेनारिया सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और आकोला थाने के पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने इस भ्रमण को अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी अनुभव बताया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
