चित्तौड़गढ़। जिला कांग्रेस की राजनीति शुक्रवार को तब नई ऊर्जा से भर उठी, जब ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी संगठन ने प्रमोद सिंह सिसोदिया को चित्तौड़गढ़ जिला कांग्रेस कमेटी का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त कर दिया। घोषणा के साथ ही पूरे शहर में आनंद और उत्साह का माहौल छा गया, और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन के लिए नए सशक्त दौर की शुरुआत बताया।

सिसोदिया का राजनीतिक सफर पिछले कई वर्षों में एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पदों से गुजरता हुआ महत्वपूर्ण दायित्वों के साथ आगे बढ़ा है। जिला कार्यकारिणी में प्रमुख पदों पर रहते हुए उन्होंने संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई है। वर्तमान में पीसीसी सदस्य रहे सिसोदिया ने अपनी नियुक्ति पर राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री उदय लाल आंजना के प्रति विशेष धन्यवाद प्रेषित किया।

नेहरू-गांधी विचारधारा में विश्वास जताते हुए सिसोदिया ने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हाथ मजबूत करने और जिले की राजनीतिक दिशा को नए सिरे से संगठित करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि एसआईआर की विसंगतियों से लेकर वोट चोरी के मुद्दे तक हर जनहित विषय को मुखरता से उठाना, नेतृत्व के निर्देशानुसार धरना-प्रदर्शन करना तथा युवाओं और महिलाओं को अधिक संख्या में कांग्रेस से जोड़ना उनकी प्राथमिकता रहेगी। जिले की सभी विधानसभा सीटों पर विजय प्राप्त करना ही उनका प्रमुख लक्ष्य है।

एआईसीसी द्वारा नियुक्ति की घोषणा होते ही कलेक्ट्रेट चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने भव्य आतिशबाजी कर सिसोदिया का स्वागत किया। दिनेश गुर्जर, शिल्पन साहू, नारायण पुरोहित, रोनी चावला, ललित बोरीवाल, पवन शर्मा, गोविंद कोठारी, शौकीन पूर्बिया और ललित बैरागी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुंह मीठा कराते हुए खुशी का इजहार किया। इस दौरान रफीक खान, संजू सैन, खुमेंद्र गुर्जर, चक्षु शर्मा, संजय राव, रामरतन गाड़री, इम्तियाज़ लौहार, लक्ष्मण सिंह सांखला, दिनेश शर्मा, लक्ष्मीनारायण कुमावत, विनोद लड्ढा, अजय लोट, जेपी रेगर, मनीष सुथार, अनिल सेठी, रज़ा शेख और फरमान अली सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सिसोदिया की नियुक्ति से जिले में कांग्रेस संगठन को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद की जा रही है, जिसे कार्यकर्ता आगामी चुनावी परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण मोड़ के रूप में देख रहे हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story