विधायक श्रीचंद कृपलानी ने विधानसभा में उठाया ट्राइबल टूरिस्ट सर्किट का मुद्दा
निंबाहेड़ा विधायक ने छोटी सादड़ी को ट्राइबल सर्किट में जोड़ने और स्थानीय धार्मिक स्थलों के विकास हेतु सरकार से स्पष्टीकरण मांगा।

राजस्थान विधानसभा सत्र के दौरान निंबाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी ने पर्यटन मंत्री से ट्राइबल सर्किट और आरटीडीसी होटलों के लाभ पर चर्चा की।
बजट घोषणा और छोटी सादड़ी को शामिल करने की मांग
निंबाहेड़ा के पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी ने राजस्थान विधानसभा में तारांकित प्रश्न संख्या 207/3645 (पर्यटन) दिनांक 19 फरवरी 2026 के तहत बजट वर्ष 2025-26 में घोषित ट्राइबल टूरिस्ट सर्किट को लेकर महत्वपूर्ण प्रश्न उठाया। कृपलानी ने सरकार से जानना चाहा कि क्या बजट 2025-26 में ट्राइबल टूरिस्ट सर्किट विकसित किए जाने की घोषणा की गई थी? यदि हां, तो क्या निंबाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र के जनजातीय बहुल क्षेत्र छोटी सादड़ी को भी उक्त सर्किट में शामिल किए जाने का विचार है?
प्रमुख धार्मिक एवं प्राकृतिक स्थलों के विकास का प्रस्ताव
उन्होंने अपने प्रश्न में निंबाहेड़ा एवं छोटी सादड़ी क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं प्राकृतिक स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की मांग रखते हुए निम्नलिखित स्थलों के विकास को लेकर सरकार की कार्ययोजना पर स्पष्टीकरण मांगा:
- घाटा माता जी (लुणगंदा) एवं धोरश्वर माता जी (निंबोदा)
- शनिदेव मंदिर (बाड़ी) एवं झुणाजी बावजी (बडावली)
- बुलबुला महादेव (पीलीखेड़ा) एवं गंगेश्वर महादेव (बछोरी)
- रेवड़ा महादेव (साकरिया) एवं भंवर माता मंदिर (छोटी सादड़ी)
- आंबा जल महादेव (सियाखेड़ी) एवं चंडी माता मंदिर (अम्बावली)
- कदामली नदी (निम्बाहेड़ा) के संगम स्थल (जालिया पिपलिया) सहित अन्य ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक स्थल
उन्होंने पूछा कि यदि इन स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर लाने की योजना है तो कार्य कब तक प्रारंभ किया जाएगा, और यदि नहीं, तो इसके क्या कारण हैं?
सरकार का जवाब और भविष्य की योजना
इस पर उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री श्रीमती दिया कुमारी ने सदन में जवाब देते हुए स्पष्ट किया कि:
"वर्तमान में इस संबंध में कोई प्रस्ताव या विचार प्रक्रियाधीन नहीं है। हालांकि उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि इस विषय में कोई प्रस्ताव प्राप्त होता है तो उस पर नियमानुसार विचार किया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करवाकर उचित एवं शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।"
RTDC के लाभ में आने पर दी बधाई
साथ ही कृपलानी ने सदन में मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री को बधाई देते हुए उल्लेख किया कि आरटीडीसी के होटल, जो लंबे समय से घाटे में संचालित हो रहे थे, वे वित्तीय वर्ष 2025-26 में 23.89 लाख रुपये के लाभ में आ गए हैं, जो राज्य के पर्यटन क्षेत्र में सकारात्मक सुधार का संकेत है। विधानसभा में उठाए गए इस मुद्दे से क्षेत्र में पर्यटन विकास की संभावनाओं को लेकर नई उम्मीद जगी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
