क्षेत्र के किसानों और आमजन तक राज्य व केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से “समृद्ध किसान-खुशहाल राजस्थान” प्रचार रथ को पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जाकर 13 विभागों की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगा।

कार्यक्रम के दौरान विधायक कृपलानी ने रथ की विधिवत् पूजा-अर्चना कर अभियान का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में किसानों, युवाओं और आमजन के हित में ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और यह प्रचार रथ उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

विधायक कृपलानी ने जानकारी देते हुए बताया कि किसानों को सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा डिग्गी एवं फार्म पॉण्ड निर्माण, कृषि यंत्रों पर अनुदान, निःशुल्क उन्नत बीज वितरण, फसल बीमा योजना के तहत मुआवजा तथा सहकारी फसल ऋण पर ब्याज राहत जैसे अनेक कदम उठाए गए हैं। इसके साथ ही डिजिटल कृषि मिशन के माध्यम से किसानों को मौसम आधारित जानकारी और फसल निगरानी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने बिजली क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि लाखों घरेलू और कृषि कनेक्शन दिए गए हैं तथा पीएम सूर्य घर योजना के तहत आमजन को निशुल्क बिजली का लाभ मिल रहा है। वहीं जल जीवन मिशन के जरिए लाखों घरों तक नल कनेक्शन पहुंचाए गए हैं। रोजगार सृजन के क्षेत्र में सरकार द्वारा लाखों भर्तियों की प्रक्रिया शुरू की गई है और युवाओं को निजी क्षेत्र में भी अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

कृपलानी ने आगे बताया कि ग्रीन हाउस स्थापना, प्रधानमंत्री आवास योजना, खाद्य सुरक्षा योजना में नए पात्रों को जोड़ना, राम जल सेतु लिंक परियोजना और सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट्स जैसे कार्य प्रदेश के विकास को नई दिशा दे रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इसे प्रदेश में मजबूती से आगे बढ़ा रहे हैं, जहां किसानों की आय बढ़ाना, युवाओं को रोजगार देना और प्रदेश को विकसित बनाना प्राथमिकता है।

इस अवसर पर पूर्व विधायक अशोक नवलखा, निवर्तमान जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर, पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, भाजपा नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, पूर्वी मंडल अध्यक्ष अशोक जाट, पश्चिम मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह शक्तावत, तहसीलदार घनश्याम जरवार, पंचायत समिति विकास अधिकारी लक्ष्मण लाल खटीक, नायब तहसीलदार दिव्येशकांत परमार, नगर महामंत्री देवकरण समदानी, कमलेश बुनकर, रामनिवास जाट, पूर्वी मंडल महामंत्री राधेश्याम टेलर, नगर उपाध्यक्ष पुष्कर सोनी, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष शैलेश अहीर, नरेंद्र प्रजापत, रवि जाट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

अंत में विधायक कृपलानी ने आमजन से अपील की कि वे प्रचार रथ के माध्यम से दी जा रही जानकारी का अधिकतम लाभ उठाएं और विभिन्न योजनाओं से जुड़कर अपने जीवन स्तर को बेहतर बनाएं। यह पहल क्षेत्र में योजनाओं की पहुंच बढ़ाने और ग्रामीण विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story