समीपवर्ती ग्राम पंचायत सोनगर के सोकिया गांव में करोड़ों रुपये की लागत से बन रहे एनीकट के निर्माण कार्य में घटिया सामग्री उपयोग किए जाने का मामला सामने आया है। निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर कार्य रुकवा दिया और विरोध दर्ज कराया। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

भाजपा के शक्ति केन्द्र संयोजक जगदीश शिशोदिया ने बताया कि करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाले एनीकट में निर्माण मानकों की अनदेखी की जा रही थी। ग्रामीणों की सूचना पर जब वे मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया तो पाया कि निर्माण कार्य में सीमेंट नाममात्र की डाली गई थी। इसके अलावा निर्धारित मात्रा से कम सरिए लगाए गए थे तथा गिट्टी के स्थान पर पत्थरों का उपयोग किया जा रहा था।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस प्रकार का घटिया निर्माण भविष्य में एनीकट की मजबूती और उपयोगिता पर गंभीर प्रभाव डाल सकता है। निर्माण कार्य में अनियमितताओं को देखते हुए ग्रामीणों ने काम तत्काल रुकवा दिया।

मामले की सूचना मिलने पर ठेकेदार एवं संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और ठेकेदार ने ग्रामीणों की आपत्तियां सुनीं तथा निर्माण कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ करवाने और सभी कमियों में तत्काल सुधार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने की शर्त पर अपनी सहमति व्यक्त की।

इस दौरान देवराज सिंह, शिवलाल सालवी, राधेश्याम, छोटु, प्रभु, विनोद, किशन, हीरालाल, शंभु सहित गांव के गणमान्य लोग मौजूद रहे। एनीकट निर्माण में गुणवत्ता को लेकर उठे इस विवाद ने सरकारी निर्माण कार्यों की निगरानी और जवाबदेही को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story