बड़ी सादड़ी। राम का नाम ही वैकुण्ठ का टिकट है और संसार से लौटने का टिकट हर व्यक्ति का पहले से तय है। कब, कहां और किस समय संसार से विदा होना है, यह केवल भगवान जानते हैं। भक्ति का आधार भाव है और यही भाव भगवान तक पहुंचने का मार्ग बनता है। संत दिग्विजयराम महाराज ने ये विचार केकड़ी कटारिया ग्रीन में विजयवर्गीय परिवार की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन व्यासपीठ से व्यक्त किए।

संत दिग्विजयराम महाराज ने कहा कि भगवान भाव के भूखे हैं। इसी भाव के कारण प्रभु ने विदुर के घर केले के छिलके तक खा लिए, जबकि दुर्योधन के यहां मेवों का त्याग कर दिया। भक्ति बिना किसी कारण और स्वार्थ के होनी चाहिए। संसार की भौतिक वस्तुएं तुच्छ हैं, इसलिए भगवान से कुछ मांगने के बजाय उनके सामने समर्पण करना चाहिए। प्रभु को सब पता है कि भक्त को क्या चाहिए। यदि कुछ मांगना ही है तो जन्म-मरण के फेर से मुक्ति और संसार रूपी मझधार से पार उतरने की प्रार्थना करनी चाहिए। भागवत का आश्रय परमात्मा के धाम तक पहुंचने का श्रेष्ठ मार्ग है।

उन्होंने कहा कि भक्ति के मार्ग में अनेक कठिनाइयां आती हैं। माता सीता, पांडव और नरसीं भगत को भी भक्ति के मार्ग पर चलते हुए कई परीक्षाओं से गुजरना पड़ा। जीवन में 'जो प्राप्त है, वह पर्याप्त है' का भाव आ जाए तो जीवन आनंदमय हो जाता है। भक्ति अखंडित रहनी चाहिए। इसका मंगलाचरण कथा श्रवण, संत सेवा और प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन के साथ होना चाहिए। भगवान अवतार लेकर भक्तों की रक्षा, धर्म की स्थापना और दुष्टों के संहार का कार्य करते हैं।

संत दिग्विजयराम महाराज ने सत्संग और संतों के प्रसाद का महत्व बताते हुए कहा कि संतों की कृपा से मिलने वाला प्रसाद रोग, शोक और भय को दूर करने वाला होता है। संतों की ओर से दिया गया प्रसाद जीवन में प्रसन्नता और आनंद का संचार करता है। प्रसाद के प्रभाव से ही नारद ऋषि का प्रादुर्भाव हुआ था।

उन्होंने श्रीमद्भागवत की रचना का उल्लेख करते हुए बताया कि वेदव्यास जी ने सरस्वती नदी के तट पर श्रीमद्भागवत की रचना की थी। महाभारत की समाप्ति के बाद श्रीमद्भागवत की शुरुआत हुई। उन्होंने दोनों ग्रंथों के भाव को स्पष्ट करते हुए कहा कि जो अपना नहीं है, उस पर भी अधिकार जताने से महाभारत की स्थिति पैदा होती है, जबकि जो अपना है, उसका भी त्याग कर देने पर भागवत कृपा प्राप्त होती है।

महाराज ने कहा कि ऐसा सुख किसी काम का नहीं, जिसमें भगवान की स्मृति समाप्त हो जाए। संसार का कटु सत्य है कि मनुष्य दुख में भगवान को याद करता है, लेकिन सच्चा भक्त वही है जो सुख के समय भी प्रभु का स्मरण बनाए रखे। जीवन के अंतिम क्षणों में न माया काम आती है और न ही काया। मनुष्य की जैसी मति होती है, वैसी ही उसकी गति होती है।

कलियुग के प्रभाव और उसके निवास स्थलों का उल्लेख करते हुए संत दिग्विजयराम महाराज ने कहा कि भागवत पुराण के अनुसार अभिमन्यु पुत्र राजा परीक्षित ने कलियुग को पांच स्थानों पर निवास करने की अनुमति दी थी। इनमें सट्टा स्थल, शराब, वासना, कसाई खाना और स्वर्ण शामिल हैं। आखेट पर जाते समय गलती से राजा परीक्षित से जुड़ी घटना का भी उल्लेख किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कलियुग में जबान का नहीं, बल्कि कागज का महत्व है।

उन्होंने प्रकृति और तीर्थस्थलों के संदर्भ में कहा कि तीर्थभूमि पर प्रकृति के विरुद्ध गतिविधियां होने से प्रकृति अपना तांडव दिखाती है। कथा के दूसरे दिन संत दिग्विजयराम महाराज ने भक्ति, संत सेवा, प्रसाद, जीवन के अंतिम समय में ईश्वर स्मरण और कलियुग के प्रभाव से जुड़े प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भागवत के संदेश से अवगत कराया।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

नाम: प्रदीप वैष्णव

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील

अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)

परिचय 

प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।

बीट और विशेषज्ञता 

  • स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
  • क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
  • शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)

Next Story