निम्बाहेड़ा में विधायक श्रीचंद कृपलानी के जन्मदिवस पर 90 करोड़ के 2100 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास
निम्बाहेड़ा में विधायक श्रीचंद कृपलानी के जन्मदिवस पर 90 करोड़ से अधिक के 2100 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास हुआ। समारोह में मंत्री, जनप्रतिनिधि और हजारों लोग शामिल हुए।

तस्वीर में निम्बाहेड़ा में आयोजित जन आशीर्वाद समारोह के दौरान विधायक श्रीचंद कृपलानी, मंत्री झाबर सिंह खर्रा और अन्य जनप्रतिनिधि फूलों की माला पहने हुए नजर आ रहे हैं।
निम्बाहेड़ा में पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी का जन्मदिवस धार्मिक आस्था, जनस्नेह और विकास कार्यों की सौगात के साथ बड़े उत्साह से मनाया गया। जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हजारों लोगों ने भाग लेकर विधायक कृपलानी को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान डिजिटल माध्यम से 90 करोड़ रुपये से अधिक राशि के 2100 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।
जन्मदिवस की शुरुआत विधायक श्रीचंद कृपलानी ने क्षेत्र की आराध्य शक्तिपीठ श्री अंबिका माता मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना के साथ की, जहां अम्बा माता सेवा समिति के अध्यक्ष चैनसिंह चौहान ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने दशहरा मैदान स्थित श्री ढाबेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का अभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा यहां विराजित मातारानी, भगवान श्री गणेश, श्री हनुमान जी और श्री भैरव देव के दर्शन किए। मंदिर में महंत भरत गिरी जी महाराज ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए मंगलमय जीवन की कामना की।
इसके पश्चात विधायक कृपलानी विश्राम घाट स्थित श्री इच्छापूर्ण बालाजी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने बालाजी के दर्शन किए। यहां व्यायामशाला के उस्ताद दौलत सिंह पंवार ने उन्हें उपरना ओढ़ाकर दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद समीप स्थित श्री सांवरिया गौशाला में विधायक कृपलानी ने गायों को हरा चारा खिलाकर गौसेवा की। श्री सेवा युवा संस्थान के सदस्यों के साथ उन्होंने गौसेवा करते हुए पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से एक कल्प वृक्ष का पौधा भी रोपा।
विधायक कृपलानी ने नगर में चातुर्मास के लिए राजेंद्र सूरी ज्ञान मंदिर, आदर्श कॉलोनी में विराजित आचार्य प्रवर पूज्य श्री निपुणरत्न सागर जी महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने जैन दिवाकर भवन में विराजित श्रमण संघीय उपप्रवर्तनी आयम्बिल आराधिका महासाध्वी श्री अरुणप्रभा जी महाराज साहब एवं साध्वी मंडल के दर्शन कर मांगलिक श्रवण किया।
इससे पहले कृषि उपज मंडी प्रांगण में मंडी व्यापारियों एवं किसानों की ओर से आयोजित जन्मदिवस कार्यक्रम में विधायक कृपलानी ने सभी के स्नेह और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। यहां मंडी व्यापारियों एवं किसानों ने आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद विधायक कृपलानी ने निर्माणाधीन भगवान शिव मंदिर में अभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर सहकारिता मंत्री गौतम दक सहित पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
नगर परिषद के वंडर टाउन में आयोजित भव्य जन आशीर्वाद समारोह में राजस्थान सरकार के स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। इस अवसर पर नगर के प्रमुख चौराहों एवं प्रवेश द्वारों पर स्थापित पांच भव्य प्रतिमाओं और सर्कलों का डिजिटल लोकार्पण किया गया। साथ ही निम्बाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विभागों के लगभग 2100 विकास कार्यों का, जिनकी लागत 90 करोड़ रुपये से अधिक है, लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इसे क्षेत्र के विकास, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और जनभावनाओं के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।
स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि निम्बाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र में जिस गति से विकास कार्य हो रहे हैं, वह विधायक श्रीचंद कृपलानी की सक्रियता और जनसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नगरों के सुनियोजित विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि निम्बाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र विकास की नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बिजली, सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विधायक श्रीचंद कृपलानी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है।
पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी ने कहा कि जन्मदिवस उनके लिए व्यक्तिगत उत्सव नहीं, बल्कि जनता के प्रति सेवा और विकास के संकल्प को दोहराने का अवसर है। उन्होंने कहा कि लगभग 2100 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास क्षेत्र की जनता को समर्पित है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों एवं आराध्य देवों की प्रतिमाओं की स्थापना हमारी संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है तथा भविष्य में भी जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
समारोह में कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर, चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, बेगूं विधायक सुरेश धाकड़, वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी, उदयपुर विधायक ताराचंद जैन, सलूंबर विधायक शांता देवी मीणा, मनासा विधायक अनिरूद्ध माधव मारू, पूर्व विधायक अशोक नवलखा, धर्मनारायण जोशी, ललित ओस्तवाल, बद्रीलाल जाट, भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी, महावीर सिंह कृष्णावत, पूर्व जिला प्रमुख भेरू सिंह चौहान, गब्बर सिंह अहीर, पूर्व यूआईटी चेयरमैन सुरेश झंवर, पूर्व जिला अध्यक्ष उदयपुर चंद्रगुप्त सिंह चौहान, भाजपा जिला महामंत्री रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह रूद, कैलाश मंत्री, भाजपा एससी मोर्चा जिला अध्यक्ष कमलेश बुनकर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष ऊंकार लाल धाकड़, संतरा मेघवाल, जिला मंत्री शौकिन चपलोत, पारस वीरवाल और जिला प्रवक्ता मानवेंद्र सिंह चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने विधायक कृपलानी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।
लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम तथा जन आशीर्वाद समारोह में सम्मिलित हुए मंत्री झाबर सिंह खर्रा सहित जनप्रतिनिधियों ने वंडर टाउन हॉल परिसर स्थित अटल उद्यान में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर जेके सीमेंट के यूनिट हेड मनीष तोषनीवाल, वंडर सीमेंट के यूनिट हेड नितिन जैन, महंत लाल नाथ योगी, पंडित राधेश्याम सुखवाल सहित क्षेत्र की विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने विधायक कृपलानी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु जीवन की कामना की।
जन आशीर्वाद समारोह के सफल आयोजन में पूर्व विधायक अशोक नवलखा, निवर्तमान जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर, निवर्तमान प्रधान बगदीराम धाकड़, पूर्व नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, भाजपा निम्बाहेड़ा नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, पूर्वी मंडल अध्यक्ष अशोक जाट, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह शक्तावत, कनेरा मंडल अध्यक्ष जुगलकिशोर धाकड़, छोटीसादड़ी नगर अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, पूर्वी मंडल अध्यक्ष विक्रम कुमावत, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष लोकेश धाकड़, पूर्व नगर महामंत्री वीरेश चपलोत सहित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समारोह के अंत में विधायक श्रीचंद कृपलानी ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का स्नेह, विश्वास और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि निम्बाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के कार्यों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
