बेगूं में शिवशक्ति महायज्ञ और पाटोत्सव 2026 का पूर्णाहुति एवं महाआरती के साथ समापन
जोगणियां माता शक्तिपीठ में 7 दिवसीय आयोजन में 11 लाख नवार्ण महामंत्र जप, 108 आचार्यों द्वारा स्वर्ण कलश अभिषेक और हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।

बेगूं स्थित जोगणियां माता शक्तिपीठ में सप्त दिवसीय शिवशक्ति महायज्ञ की पूर्णाहुति के दौरान संत, आचार्य और श्रद्धालु यज्ञकुंड के समक्ष वैदिक अनुष्ठान में भाग लेते हुए।
बेगूं स्थित श्री जोगणियां माता शक्तिपीठ में आयोजित सप्त दिवसीय शिवशक्ति महायज्ञ, स्वर्ण कलश प्रतिष्ठा एवं वार्षिक पाटोत्सव 2026 का समापन रविवार को अत्यंत श्रद्धा, वैदिक मंत्रोच्चार और भक्तिमय वातावरण के बीच पूर्णाहुति एवं महाआरती के साथ सम्पन्न हुआ। इस दौरान संपूर्ण धाम वैदिक ध्वनियों, शंखनाद और जयकारों से गूंज उठा, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
महोत्सव के दौरान कुल 11 लाख नवार्ण महामंत्र जप पूर्ण किए गए। इसके साथ ही शतचंडी दुर्गापाठ, माताजी का सहस्त्रार्चन तथा विभिन्न वैदिक अनुष्ठानों का विधिवत आयोजन किया गया। साथ ही श्री खेड़ापति हनुमानजी एवं श्री पवनपुत्र हनुमान मंदिर में सप्तदिवसीय श्रीरामचरितमानस पाठ भी सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
पूर्णाहुति समारोह के अवसर पर 108 विद्वान आचार्यों ने सामूहिक रूप से वैदिक मंत्रोच्चार करते हुए स्वर्ण कलश शिखर का सहस्रधारा अभिषेक किया। इस दौरान यज्ञ स्थल पर वैदिक परंपराओं के अनुरूप धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए, जिससे संपूर्ण परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो गया।
इस महायज्ञ का संचालन आचार्य मदन जी काट्या (बेगूं), उपाचार्य सांवरमल जी शर्मा (जोजवा) तथा ब्रह्मा अनिल कुमार जी शर्मा (चित्तौड़गढ़) के सानिध्य में सम्पन्न हुआ। वहीं श्री जोगणियां माता शक्तिपीठ वेद विद्यालय के आचार्यों एवं बटुकों के साथ-साथ श्री मुनिकुल ब्रह्मचर्य आश्रम वेद संस्थान, बरूंदनी से पधारे आचार्य मुरलीधर जी पंचोली के नेतृत्व में वैदिक शिक्षकों, बटुकों और क्षेत्रीय विद्वान पंडितों ने आयोजन को सफल बनाया।
महोत्सव में अनेक संत-महात्माओं एवं आध्यात्मिक गुरुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें महंत राम रंगीला दास जी महाराज (लूण का गणेश जी, बिछोर), महंत परमेश्वर दास जी महाराज (चित्तौड़गढ़), महंत बालक दास जी महाराज (सिंगोली श्याम), महंत मोहन शरण जी महाराज (भीलवाड़ा), महंत रामानन्द दास जी महाराज (धनकपुरिया), महंत चेतन दास जी महाराज, महंत बालक दास जी महाराज (गुप्तेश्वर महादेव), महंत नंद किशोर जी महाराज (मेंडकी महादेव), महंत गणेश दास जी महाराज (वृंदावन), महंत लाल बाल दास जी तथा महंत आशुतोष दास जी महाराज प्रमुख रूप से शामिल रहे।
संतों ने अपने आशीर्वचनों में धर्म, सेवा, संस्कार एवं सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश देते हुए श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्ग पर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया। चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, वृंदावन एवं विभिन्न धार्मिक स्थलों से आए संत-महात्माओं की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष आध्यात्मिक ऊंचाई प्रदान की।
महाआरती, प्रसाद वितरण और संतों के आशीर्वाद के साथ सप्त दिवसीय शिवशक्ति महायज्ञ एवं पाटोत्सव का भव्य समापन सम्पन्न हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र में धार्मिक चेतना और आस्था का सशक्त संदेश प्रसारित किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
