शंभूपुरा पुलिस ने पकड़ी 5 किलो अफीम, तस्करी के आरोप में 2 गिरफ्तार
ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो तस्करों को दबोचा, दस दिन में थाना पुलिस की यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है।

मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पुलिस थाना शंभूपुरा ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5 किलो 140 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है। यह कार्रवाई थाना पुलिस की दस दिन में लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज, उदयपुर श्री गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार मादक पदार्थों के भंडारण एवं परिवहनकर्ताओं के विरुद्ध ऑपरेशन त्रिनेत्र चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी विनोद कुमार के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी शंभुपुरा धर्मराज मीना के नेतृत्व में उप निरीक्षक द्वारा गठित टीम, जिसमें कानि नरेश कुमार, रामकिशन, मुकेश कुमार, योगेन्द्र कुमार और महेन्द्र नैण शामिल थे, ने थाना सर्कल में नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल को रोका।
जांच के दौरान मोटरसाइकिल से 5 किलो 140 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर खेम राज पिता मेघराज, जाति भील, उम्र 41 वर्ष, निवासी राजपुरिया थाना नीमच जिला एमपी तथा पप्पू सेन पिता नाथू लाल, जाति सेन, निवासी जावी थाना नीमच को गिरफ्तार किया। तस्करी में प्रयुक्त वाहन मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया। प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान जारी है।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी अथवा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम अथवा नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचना दें। यह कार्रवाई क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध चल रहे अभियान की गंभीरता और निरंतरता को रेखांकित करती है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
