ऑपरेशन त्रिनेत्र: शंभूपुरा में 1 किलो अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़ के शंभूपुरा थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल जब्त कर दो आरोपियों को पकड़ा, विस्तृत अनुसंधान जारी।

ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में शंभूपुरा थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देते हुए 1 किलो 60 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज, उदयपुर श्री गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार मादक पदार्थों के भंडारण एवं परिवहनकर्ताओं के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई। एएसपी श्री मुकुल शर्मा के निर्देशन तथा डीएसपी विनोद कुमार के पर्यवेक्षण में थाना शंभूपुरा के थानाधिकारी धर्मराज मीना उप निरीक्षक मय टीम द्वारा यह सफलता प्राप्त की गई।
नाकाबंदी के दौरान थाना सर्कल में एक मोटरसाइकिल को रोककर जांच की गई, जिसमें से 1 किलो 60 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। इस दौरान टीम में एएसआई महावीर, एएसआई सकेन्द्र सिंह, कानि. रामकिशन, मुकेश कुमार, योगेन्द्र कुमार एवं महेन्द्र शामिल रहे।
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 30 वर्षीय राजमल पुत्र प्रथ्वीराज भील, निवासी गांव तुर्किया कला थाना कपासन जिला चित्तौड़गढ़, हाल गोपाल नगर थाना कोतवाली चित्तौड़गढ़ तथा 42 वर्षीय निलेश पुत्र मोड़ी राम छिपा, निवासी पावटा चौक बाहेतियों की गली थाना कोतवाली चित्तौड़गढ़ शामिल हैं। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।
इस मामले में प्रकरण दर्ज कर विस्तृत अनुसंधान जारी है। जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम अथवा नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें, ताकि ऐसे अवैध नेटवर्क पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

