चित्तौड़गढ़। चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की प्रतिष्ठित परीक्षा में ऑल इंडिया स्तर पर 15वीं रैंक और संपूर्ण राजस्थान में तृतीय स्थान प्राप्त कर नगर का नाम गौरवान्वित करने वाली होनहार शगुन अग्रवाल का सोमवार को विधायक कार्यालय में भव्य अभिनंदन किया गया। चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र की निवासी शगुन की इस उल्लेखनीय शैक्षणिक उपलब्धि पर विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने उन्हें उपरना ओढ़ाकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर विधायक आक्या ने शगुन अग्रवाल को उनकी इस शानदार सफलता के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शगुन की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह सफलता अनेक युवाओं के लिए प्रेरणा के स्रोत के रूप में कार्य करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शगुन का यह उत्कृष्ट प्रदर्शन अन्य विद्यार्थियों के लिए आगे बढ़ने और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त करेगा। इस गरिमामय सम्मान समारोह के दौरान शेलेन्द्र झंवर, संजु लढ्ढा, ललित आगाल और भरत लढ्ढा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Next Story