चित्तौड़गढ़ पहुंची सेवा संकल्प यात्रा, भाजपा नेताओं ने किया स्वागत
वाराणसी से बडनगर जा रही यात्रा का शहर में वाहन रैली से स्वागत हुआ, सांसद सीपी जोशी के नेतृत्व में दुर्ग पर स्वच्छता अभियान चलाया गया।

चित्तौड़गढ़ में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी सेवा संकल्प यात्रा के स्वागत के लिए एक समूह में उपस्थित हैं।
सेवा संकल्प अभियान के तहत वाराणसी से बडनगर तक निकाली जा रही सेवा संकल्प यात्रा के चित्तौड़गढ़ पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ यात्रियों का स्वागत किया। यात्रा के चित्तौड़गढ़ पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा। सैमलपुरा से यात्रियों को वाहन रैली के रूप में शहर में लाया गया। बाइक एवं वाहनों के साथ निकली रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए सुभाष चौक पहुंची, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने यात्रियों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
इस दौरान देश की एकता, सेवा और राष्ट्र निर्माण का संदेश देते हुए कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। सुभाष चौक पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित एलईडी प्रस्तुति दिखाई गई। एलईडी के माध्यम से सरकार की योजनाओं से आमजन को मिले लाभ तथा सेवा, सुशासन और विकास के विभिन्न कार्यों को प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल सरकार की उपलब्धियों को बताना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और जनकल्याण का संदेश पहुंचाना भी है। यात्रा में शामिल प्रतिभागियों ने चित्तौड़गढ़ में मिले आत्मीय स्वागत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
स्वागत कार्यक्रम के बाद सेवा संकल्प यात्रा में शामिल यात्रियों को दुर्ग से जुड़ा लाइट एंड साउंड शो दिखाया गया। प्रकाश एवं ध्वनि के माध्यम से प्रस्तुत दुर्ग के गौरवशाली इतिहास, वीरता, त्याग और बलिदान की गाथा ने यात्रियों को भावविभोर कर दिया। देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए यात्रियों ने ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नजदीक से जाना और दुर्ग के गौरवशाली इतिहास को अनुभव किया।
रात्रि विश्राम के बाद प्रातः सेवा संकल्प यात्रा में शामिल बाइक यात्रियों ने दुर्ग स्थित पद्मिनी महल का भ्रमण किया। इस अवसर पर सांसद सी.पी. जोशी ने यात्रियों से मुलाकात कर उनका स्वागत किया और यात्रा के उद्देश्य एवं अनुभवों को लेकर संवाद किया। सांसद जोशी के साथ बाइक यात्रियों ने ऐतिहासिक दुर्ग परिसर स्थित पद्मिनी महल के बाहर एवं कालिका माता मंदिर के पास स्वच्छता अभियान में भी सहभागिता की।
यात्रियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता का संदेश देते हुए दुर्ग परिसर में साफ-सफाई की और ऐतिहासिक धरोहरों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। सांसद जोशी ने कहा कि चित्तौड़गढ़ केवल राजस्थान ही नहीं, बल्कि देश की गौरवशाली विरासत का प्रतीक है। ऐतिहासिक स्थलों की स्वच्छता एवं संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की है। सेवा संकल्प यात्रा के माध्यम से सेवा, स्वच्छता, राष्ट्रभाव और सांस्कृतिक गौरव का संदेश जन-जन तक पहुंच रहा है।
सेवा संकल्प यात्रा के चित्तौड़गढ़ प्रवास के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने यात्रियों को शहर की ऐतिहासिक विरासत से परिचित कराने के साथ-साथ सेवा, स्वच्छता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से भी जोड़ा। कार्यक्रम में जिला महामंत्री रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह, नरेंद्र जैन, सभापति अनिल ईनाणी, प्रिंस शर्मा, रवि वीरानी, सुधीर जैन, गोवर्धन जाट, मनोज पारीक, नंद किशोर लोहार, सह आशिष शर्मा, रामनिवास गाडरी, शांतिलाल जाट, मुकेश मेघवाल, प्रशांत शर्मा, घनश्याम लोट, भरत जागेटिया, गोपाल जाजू, प्रांजल गर्ग, हर्षद दशोरा, उदयलाल धाकड़, पवन पटवारी आदि उपस्थित रहे।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
