चोगावड़ी पंचायत के सेमलिया गांव में विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास का समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों को लगभग 4 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी गई।

मुख्य अतिथि सांसद सी.पी. जोशी ने कहा कि गांवों का विकास ही राष्ट्र की प्रगति की मजबूत नींव है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बेगूं विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है।

सांसद सी.पी. जोशी ने हिन्दुस्तान जिंक द्वारा कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने सामुदायिक विकास के क्षेत्र में हिन्दुस्तान जिंक के कार्य को अनुकरणीय बताया। शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों से क्षेत्र को निरंतर लाभ मिल रहा है।

इसी क्रम में हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड द्वारा CSR के तहत खूंटियां में 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन तथा सेमलिया में 45 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक भवन एवं जीर्णोद्धार कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया गया। इन कार्यों से ग्रामीणों को सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

समारोह में भैरूसिंह चौहान, देवीसिंह राणावत, देवीलाल जाट एवं बहादुर सिंह राणावत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम में हिन्दुस्तान जिंक से CSR हेड सुंदरराज नायडू, सिविल हेड कामाख्या सिंह, इन्द्रीश एवं CSR टीम के सदस्य उपस्थित रहे। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास के साथ क्षेत्र में सामुदायिक सुविधाओं को विस्तार देने की दिशा में हिन्दुस्तान जिंक के CSR कार्यों की भूमिका भी सामने आई।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story