बड़ीसादड़ी के भादसौडा स्थित प्रेरणा पब्लिक स्कूल में आपदा के समय खुद को और दूसरों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से SDRF की टीम ने विशेष आपदा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्क रहने और सही तरीके से प्रतिक्रिया देने का प्रशिक्षण देना रहा।

कार्यक्रम के दौरान SDRF के जवानों ने विद्यार्थियों को भूकंप, आग लगने, बाढ़ और सड़क दुर्घटना जैसी आपातकालीन स्थितियों में घबराए बिना स्वयं को सुरक्षित रखने तथा अन्य लोगों की मदद करने के व्यावहारिक तरीके बताए। टीम ने अलग-अलग परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों और बचाव उपायों का भी प्रदर्शन किया।

प्रशिक्षण के दौरान CPR, प्राथमिक उपचार, सुरक्षित निकासी और रेस्क्यू तकनीकों का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया। SDRF के जवानों ने विद्यार्थियों को बताया कि आपदा के समय अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए, हमेशा अलर्ट रहना चाहिए और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत 112 पर देनी चाहिए।

स्कूल के प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने SDRF टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और SDRF टीम से कई सवाल पूछकर आपदा प्रबंधन से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।

स्कूल प्रबंधन ने कहा कि समय-समय पर ऐसे मॉकड्रिल और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि प्रत्येक बच्चा आपदा प्रबंधन के लिए तैयार रह सके। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story