राउप्रावि गाड़ी लौहार में छात्रों का तिलक लगाकर स्वागत, भामाशाहों ने बांटे बैग
भीलवाड़ा के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गाड़ी लौहार में नवप्रवेशी छात्रों का अभिनंदन किया गया और दानदाताओं के सहयोग से निशुल्क स्कूली बैग वितरित किए गए।

भीलवाड़ा के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गाड़ी लौहार में आयोजित समारोह के दौरान स्कूली बैग प्राप्त करने के बाद खुश नजर आते छात्र-छात्राएं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीबीईओ शंभूलाल सोमानी, संस्था प्रधान नौसर जाट और भामाशाह मंजू लड्ढा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शिक्षा के प्रति उत्साहवर्धन और नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत की परंपरा को निभाते हुए स्थानीय राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय (राउप्रावि) गाड़ी लौहार में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नवप्रवेशी छात्रों का तिलक लगाकर अभिनंदन करना और भामाशाहों के सहयोग से अध्ययनरत विद्यार्थियों को स्कूली बैग प्रदान करना रहा। समारोह की शुरुआत में विद्यालय की संस्था प्रधान नौसर जाट ने उपस्थित सभी दानदाताओं का माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत किया और विद्यालय द्वारा अर्जित की गई विभिन्न उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सीबीईओ शंभूलाल सोमानी ने नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं को तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया और उन्हें शैक्षणिक यात्रा की शुभकामनाएँ दीं।
सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए भामाशाह मंजू लड्ढ़ा, स्नेहलता ईनाणी, साधना ईनाणी, पुष्पा मूंदडा, वंशिका मूंदङा एवं संपतराम लड्ढा ने विद्यालय में अध्ययनरत सभी बालक-बालिकाओं को अपनी ओर से उच्च गुणवत्ता वाले स्कूली बैग वितरित किए। बैग प्राप्त कर बच्चों के चेहरे प्रसन्नता से खिल उठे। इस अवसर पर भामाशाह संपत राम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और उन्हें जीवन में पढ़-लिखकर एक अच्छा इंसान बनने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में सीबीईओ कार्यालय के सुरेंद्र सिंह सहित विद्यालय स्टाफ से सरोज चौधरी, नरेश पारीक, अर्चना शर्मा और सुरभि शर्मा की सक्रिय उपस्थिति रही। समारोह का कुशल संचालन शारीरिक शिक्षक पारस कुमार टेलर ने किया। यह आयोजन न केवल छात्रों के मनोबल को बढ़ाने वाला रहा, बल्कि सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से सरकारी विद्यालयों को सुदृढ़ करने के संकल्प को भी दोहराता है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
