चित्तौड़गढ़ में एसबीआई ने लगाया नोट विनिमय मेला, 9 लाख के नए नोट बांटे
आरबीआई के निर्देश पर कलेक्ट्रेट शाखा द्वारा आयोजित शिविर में उमड़ी भीड़, सुरक्षा व्यवस्था के बीच 10, 20 और 50 रुपये के नोटों का किया गया वितरण।

चित्तौड़गढ़ के पावटा चौक में बुधवार को एसबीआई कलेक्ट्रेट शाखा द्वारा आयोजित नोट विनिमय मेले में नए नोट लेने के लिए उमड़ी आमजन की भीड़।
चित्तौड़गढ़। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा कलेक्ट्रेट द्वारा आमजन को नये नोट उपलब्ध कराने के लिए बुधवार को शहर के पावटा चौक में विशेष मेला लगाया गया, जिसमें करीब 9 लाख रुपये के नये नोट आमजन में वितरित किए गए।
शिविर का आयोजन और भीड़ का जमावड़ा
- एसबीआई द्वारा आमजन को नये नोट उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से बुधवार को पावटा चौक पर शिविर लगाया गया।
- इसकी सूचना पर सुबह से ही यहां लोगों को जमावड़ा लगने लगा।
- इसके साथ ही पुलिस का जाप्ता भी मौके पर पहुंच गया।
- एसबीआई कलेक्ट्रेट ब्रांच प्रबंधक व स्टॉफ करीब 11 बजे मौके पर पहुंचे।
नोटों का वितरण और सुरक्षा व्यवस्था
पुलिस और बैंक के सुरक्षाकर्मियों की उपस्थिति में वहां मौजूद सैंकड़ों लोगों को कतार में लगाकर 10, 20, 50 के नये नोटों की गड्डियां बांटना शुरु किया गया। लेकिन कई बार भीड़ बेकाबू होकर हल्ला करने लगी, जिससे नोटो का वितरण कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। पुलिस के सहयोग से भीड़ को नियंत्रित कर फिर से नोट वितरित किए गए।
प्रतिमा की रेलिंग क्षतिग्रस्त और विवाद
इस दौरान पास में स्थापित ज्योति बा फुले की प्रतिमा की रेलिंग भी भीड़ ने क्षतिग्रस्त कर दी। जिसकी जानकारी मिलने पर माली समाज के युवा एकत्रित हो गए, हालांकि बैंक स्टॉफ द्वारा रेंलिंग की मरम्मत कराने पर मामला शांत हो गया।
बैंक प्रबंधन का आधिकारिक वक्तव्य
एसबीआई कलेक्ट्रेट ब्रांच प्रबंधक ने बताया कि:
"आरबीआई के निर्देशानुसार शहर में नये नोटों का विनिमय मेला लगाया गया, जिसमें शहर के लोगों ने भारी उत्साह दिखाया। बैंक द्वारा इस दौरान आमजन को 8 लाख 80 हजार रुपये के 10, 20 और 50 के नये नोट बांटे गए।"
उन्होने बताया कि आरबीआाई द्वारा आगे भी इस तरह के नोट विनिमय मेले का आयोजन किया जाएगा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
