श्री सांवलिया जी राजकीय चिकित्सालय परिसर में साफ-सफाई, जल निकासी, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं में लापरवाही को लेकर विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने गुरुवार को निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न वार्डों का जायजा लेते हुए प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश वैष्णव को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और अव्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई।

निरीक्षण के दौरान विधायक आक्या ने पाया कि कई वार्डों और बाथरूम में प्रातः 9 बजे तक भी साफ-सफाई नहीं हुई थी। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि चिकित्सालय खुलने से पूर्व ही सभी स्थानों पर पर्याप्त साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।

विधायक ने कई वार्डों में पानी टपकने की समस्या पर मौके से ही सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। वहीं चिकित्सालय परिसर में नाले की सफाई नहीं होने और पानी निकासी की व्यवस्था खराब होने पर नगर परिषद अधिकारियों को शीघ्र सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए कहा।

उन्होंने चिकित्सालय परिसर में स्थापित हाई मास्क लाइट खराब होने पर भी उसे शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल चिकित्सालय में अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों को लेकर विधायक आक्या ने नाराजगी जताई और पार्किंग व्यवस्था व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए।

विधायक ने एम्बुलेंस खड़े करने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं होने तथा इसके कारण चिकित्सालय परिसर में आवागमन में परेशानी उत्पन्न होने की समस्या पर मंडी सचिव को एम्बुलेंस पार्किंग के लिए जगह उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने चिकित्सालय परिसर में चल रहे विभिन्न कार्यों का निरीक्षण कर आवश्यक सुझाव दिए।

इसके बाद विधायक आक्या ने चिकित्सालय परिसर के मीटिंग हॉल में बैठक लेकर स्वास्थ्य विभाग, नगर परिषद, नगर विकास न्यास, सार्वजनिक निर्माण विभाग, कृषि उपज मंडी सहित चिकित्सालय से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि जिले का सबसे बड़ा चिकित्सालय होने के कारण जिलेभर से लोग अपने परिजनों के उपचार के लिए यहां आते हैं। ऐसे में चिकित्सालय परिसर में उन्हें पर्याप्त सुविधाएं और बेहतर साफ-सफाई उपलब्ध कराना सुनिश्चित करना होगा।

विधायक आक्या ने चिकित्सालय से जुड़े प्रत्येक विभाग की जवाबदेही तय करते हुए शीघ्र आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सदर थानाधिकारी प्रेम सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।a

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story