बड़ीसादड़ी। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से चलाए जा रहे “समरसता संकल्प अभियान” के तहत निकाली जा रही कलश वंदन यात्रा का निकुंभ मंडल की कीरतपुरा ग्राम पंचायत में श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के संयोजक एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह सारंगदेवोत ने संत रविदास जी के जीवन, उनके संघर्ष और सामाजिक समरसता के संदेश पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समाज में व्याप्त भेदभाव, ऊंच-नीच और जातिगत संकीर्णताओं को दूर कर समानता, भाईचारे और मानवता का मार्ग दिखाया।

निकुंभ मंडल महामंत्री पहलवान सालवी ने संत रविदास जी के विचारों और उनके सामाजिक योगदान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से समाज को संदेश दिया कि मनुष्य की पहचान उसकी जाति से नहीं, बल्कि उसके कर्म और आचरण से होती है। उनके विचार समाज में एकता, समरसता और आपसी भाईचारा स्थापित करने के लिए आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।

उन्होंने कहा कि समरसता संकल्प अभियान का उद्देश्य संत रविदास जी के समानता एवं सामाजिक एकता के संदेश को प्रत्येक गांव और ढाणी तक पहुंचाना तथा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की भावना को मजबूत करना है।

कार्यक्रम का संचालन निकुंभ मंडल महामंत्री पहलवान सालवी ने किया। इस अवसर पर उदय सिंह मीणा, रामप्रसाद सालवी, करणसिंह बाघेला, जसवंत सालवी, उदयलाल सालवी, प्रहलाद मीणा, भगवती लाल धाकड़, राधेश्याम धाकड़, जयदीप सिंह शक्तावत एवं भरत धाकड़ सहित भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संत रविदास जी के समानता, सामाजिक एकता और भाईचारे के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प पर जोर दिया गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story