बड़ी सादड़ी के रामद्वारा में आयोजित शिव पुराण कथा के दौरान संत दिग्विजय राम ने सत्संग के महत्व को बताते हुए कहा कि यदि जीव आनंद चाहता है तो उसे सत्संग करना चाहिए। व्यक्ति को साधु दर्शन भी भावपूर्वक करना चाहिए। व्यक्ति कितना ही तामसिक क्यों न हो, लेकिन साधु दर्शन मात्र से उसके तामसिक गुण नष्ट हो जाते हैं। इससे व्यक्ति काम, क्रोध और लोभ को जीत लेता है तथा उसका मन निर्मल हो जाता है।

संत दिग्विजय राम ने कहा कि शास्त्रों के अनुसार कुसंगति से बचकर सत्संग करना चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि लकड़ी एक ही होती है, लेकिन यदि किसान का संग करे तो चूल्हे में जलकर राख बनती है और यदि संत की संगत करे तो वेदी में जलकर राख बनती है। उस राख को संसार अपने सिर पर धारण करता है।

उन्होंने कहा कि सत्संग में व्यक्ति को ईश्वर की अनुभूति होती है। ईश्वर का वास सत्संग में होता है और व्यक्ति को सत्संग भी संत कृपा से ही प्राप्त होता है। साधना से केवल व्यक्ति का कल्याण होता है, जबकि सत्संग करने से व्यक्ति स्वयं के साथ संसार का भी कल्याण करता है।






संत दिग्विजय राम ने कहा कि सत्संग के लिए कहीं दूर जाना पड़े तो भी जाना चाहिए, लेकिन यदि कुसंगति घर बैठे मिले तो भी उसे ग्रहण नहीं करना चाहिए। व्यक्ति को प्रारब्ध का फल तो भोगना पड़ता है, लेकिन सत्संग में जाने से वह कष्टदायक समय कब गुजर जाता है, इसका पता ही नहीं चलता। उन्होंने कहा कि एक पल का सत्संग जीवन के पाप, परिताप और संताप समाप्त कर देता है।

चित्तौड़गढ़ शिव पुराण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सामान्य दिनों की अपेक्षा सूर्य संक्रांति को दिए गए दान का फल 10 गुना अधिक मिलता है। यदि व्यक्ति मकर संक्रांति के दिन दान करता है तो उससे भी 10 गुना अधिक फल मिलता है। इससे अधिक फल चंद्र ग्रहण में और चंद्र ग्रहण से भी अधिक लाभ सूर्य ग्रहण के दिन मिलता है। कई सूर्य ग्रहण में दिए गए दान से ज्यादा फल महापुरुषों के सत्संग से प्राप्त होता है।

उन्होंने कहा कि हरि कथा एवं सत्पुरुषों का सत्संग बड़ा ही दुर्लभ है। सत्संग में कानों से हरि का नाम सुनना और जिह्वा से हरि का नाम लेना चाहिए। सत्संग में कोई प्रपंच नहीं करना चाहिए। संसार में हर जीव आनंद चाहता है और सत्संग में जाने से अति आनंद प्राप्त होता है।

संत दिग्विजय राम ने कहा कि सुख का सागर राम है और दुख का भंजनहार भी वही है। उस सुख के सागर में से हम कितना प्राप्त कर सकते हैं, यह स्वयं के सामर्थ्य पर निर्भर करता है। रामद्वारा में आयोजित शिव पुराण कथा में उनके प्रवचन के दौरान सत्संग को जीवन के कल्याण और संसार के कल्याण से जोड़ते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला गया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story