संत दिग्विजय राम: कथाएं जीवन जीने की कला सिखाती हैं
मरमी गांव में संत दिग्विजय राम ने नानी बाई का मायरा कथा के दौरान कहा कि भगवान में अटूट विश्वास और सच्ची भक्ति ही मनुष्य को सत्य के मार्ग पर ले जाती है।

मरमी ग्राम में आयोजित तीन दिवसीय नानी बाई का मायरा कथा के दौरान संत दिग्विजय राम और अन्य श्रद्धालु।
बड़ी सादड़ी। भगवान के नाम में अटूट विश्वास और सच्ची भक्ति ही मनुष्य को सत्य के मार्ग पर ले जाती है। जीवन में सुख-दुख, हानि-लाभ और अनुकूल-प्रतिकूल परिस्थितियों को ईश्वर की इच्छा मानकर स्वीकार करना चाहिए। कथाओं का उद्देश्य केवल श्रवण करना नहीं, बल्कि उनके संदेश को जीवन में उतारकर अपने आचरण में परिवर्तन लाना है। यह बात संत दिग्विजय राम जी ने मरमी ग्राम में श्री बंशी लाल जी एवं राधे श्याम जी विजय वर्गीय की ओर से आयोजित तीन दिवसीय नानी बाई का मायरा कथा के द्वितीय दिवस पर व्यास पीठ से कही।
संत दिग्विजय राम जी ने श्रद्धालुओं को कथा का रसामृत पान कराते हुए कहा कि हमारी प्राचीन परंपराओं में अभिवादन के समय राम का नाम लिया जाता था, लेकिन पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव ने हमारी संस्कृति को नुकसान पहुंचाया है। व्यक्ति को जीवन में जो बनना है, उसी का चिंतन लेकर आगे बढ़ना चाहिए, लेकिन उसका संकल्प दृढ़ होना जरूरी है। कथाओं से व्यक्ति के जीवन में परिवर्तन आना चाहिए, तभी कथा श्रवण सार्थक होता है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को हमेशा सोच-समझकर शब्दों का प्रयोग करना चाहिए, क्योंकि कथाएं जीवन जीने की कला सिखाती हैं और भगवान का नाम ही मनुष्य को सत्य के मार्ग पर ले जाता है।
भक्तराज नरसी की भक्ति का उल्लेख करते हुए संत ने कहा कि उनकी भक्ति का प्रभाव ही है कि आज भी पूरी दुनिया नरसी का नाम लेती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में व्यक्ति अपने घर के बाहर धर्म के प्रतीक चिह्न लगाने में भी संकोच महसूस करता है। लोग बड़े-बड़े बंगले तो बना लेते हैं, लेकिन जिस ईश्वर की कृपा से उन्हें सब कुछ प्राप्त हुआ है, उसके लिए घर में स्थान नहीं रखते। एक भक्त के घर की पहचान वहां मौजूद धर्म चिह्नों से होती है। घर से बाहर निकलते समय हमेशा ईश्वर को प्रणाम करके निकलना चाहिए, इससे बड़ी से बड़ी विपत्ति भी टल जाती है।
संत ने भोजन और विचारों के प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए कहा कि व्यक्ति जैसा अन्न ग्रहण करता है, वैसा ही उसका मन बनता है। अन्न का प्रभाव मनुष्य की वृत्ति पर अवश्य पड़ता है। उन्होंने कहा कि तर्क और आस्था दोनों एक-दूसरे के विरोधी होते हैं। भगवान का नाम हमेशा विश्वास के साथ लेना चाहिए। व्यक्ति जैसा सोचता है, उसे संसार भी वैसा ही दिखाई देता है। अच्छा सोचने वाले को सभी अच्छे नजर आते हैं, जबकि बुरा सोचने वाले को सभी बुरे दिखाई देते हैं। इस संसार में भगवान को प्रसन्न करना सरल है, लेकिन संसार को प्रसन्न करना संभव नहीं है।
जीवन की परिस्थितियों के संबंध में संत दिग्विजय राम जी ने कहा कि यश-अपयश, जीवन-मरण और हानि-लाभ सब ईश्वर के हाथ में हैं। व्यक्ति को हमेशा यह भाव रखना चाहिए कि जो कुछ अनुकूल हो रहा है, उसे हरि कृपा मानें और जो प्रतिकूल हो रहा है, उसे प्रभु की इच्छा समझकर स्वीकार करें।
कथा के द्वितीय दिवस में नरसी मेहता के नानी बाई का मायरा प्रसंग का वर्णन किया गया। कथा के अनुसार, जब नरसी मेहता अपनी पुत्री नानी के मायरे के लिए अपने भाई-बंधुओं से सहायता मांगते हैं, तो सभी उन्हें मना कर देते हैं। यहां तक कि वे उनके साथ मायरा भरने जाने से भी इनकार कर देते हैं। इसके बावजूद नरसी मेहता निराश नहीं होते और संतों के साथ टूटी-फूटी गाड़ी तथा बीमार बैलों को जोतकर मायरा भरने के लिए रवाना हो जाते हैं। रास्ते में जब उनकी गाड़ी टूट जाती है, तब वे अपने प्रभु का स्मरण करते हैं।
इस प्रसंग के माध्यम से संत ने संदेश दिया कि मनुष्य को भगवान पर भरोसा रखते हुए अपने कर्म करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि शब्दों में इतनी शक्ति होती है कि उनसे व्यक्ति किसी के दिल में जगह बना सकता है और उन्हीं शब्दों से दिल से उतर भी सकता है। इसलिए जीवन में वाणी का प्रयोग सोच-समझकर करना चाहिए।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh
नाम: प्रदीप वैष्णव
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील
अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)
परिचय
प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।
बीट और विशेषज्ञता
- स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
- क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
- शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)
