बड़ी सादड़ी। सच्ची भक्ति में श्रद्धा, विश्वास और दासत्व भाव हो तो भगवान स्वयं भक्त की सहायता के लिए दौड़े चले आते हैं। नरसीं मेहता और भक्त शिरोमणि मीरा बाई जैसी अटूट भक्ति के सामने स्वयं श्री सांवलिया सेठ भी प्रकट होकर भक्तों की लाज रखते हैं। यह बात संत दिग्विजयराम महाराज ने बड़ी सादड़ी के मरमी गांव में आयोजित नानी बाई का मायरा कथा के समापन अवसर पर व्यासपीठ से कही। कथा का आयोजन बंसी लाल जी और राधे श्याम जी विजयवर्गीय द्वारा किया गया।

संत दिग्विजयराम महाराज ने मीरा बाई की भक्ति का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि उनकी भक्ति इतनी प्रगाढ़ थी कि उन्हें दिया गया विष भी सांवलिया सेठ ने अमृत में बदल दिया। इसी तरह नरसीं भगत ने अपनी बेटी नानी बाई के ससुराल से आई मायरे के सामान की सूची और कंकुम पत्रिका ठाकुर जी को सौंप दी। इसके बाद वे संतों के साथ सवा मण गोपीचंदन और तुंबे लेकर बेटी के ससुराल पहुंच गए।

नरसीं भगत की स्थिति देखकर उनके समधि श्रीरंग जी ने उन्हें गांव के बाहर स्थित टूटी-फूटी झोंपड़ी में ठहरा दिया। नरसीं भगत ने इसे भी प्रभु की इच्छा मानकर स्वीकार कर लिया। इस प्रसंग के माध्यम से संत ने कहा कि मनुष्य को प्रतिकूल परिस्थितियों को हरि इच्छा और अनुकूल परिस्थितियों को हरि कृपा मानकर जीवन जीना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन्द्र का सिंहासन भी तीन लोक की फकीरी के सामने नतमस्तक हो गया था। प्रभु सेवा का अवसर प्राप्त करने वाले लोग सौभाग्यशाली होते हैं।

कथा में आगे संत ने बताया कि नरसीं भगत की बेटी नानी बाई को ससुराल पक्ष के लोगों के ताने सुनने पड़े। उनके देवर ने यहां तक कह दिया कि तुम्हारे पिता को देखकर तो हम लज्जित महसूस कर रहे हैं। ससुराल वालों की बातें सुनकर नानी बाई रोती-बिलखती अपने पिता से मिलने झोंपड़ी में पहुंची। उन्होंने नरसीं भगत से पूछा कि वे कितना मायरा लेकर आए हैं। नानी बाई ने दुख जताते हुए कहा कि जब भी वह कुछ कहती हैं, उनके पिता कीर्तन में व्यस्त हो जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि आज उनकी मां जीवित होतीं तो उन्हें ऐसे दिन नहीं देखने पड़ते। पूर्व जन्म के पापों के कारण उन्हें ऐसा पिता मिला है।

नानी बाई का करुण क्रंदन सुनकर नरसीं भगत भी व्याकुल हो उठे। उन्होंने बेटी को वचन देते हुए कहा कि नानी, तुम अपने घर जाओ। अब या तो मेरे सांवलिया सेठ मायरा भरने आएंगे, नहीं तो संसार में मायरा भरने की रीत ही समाप्त हो जाएगी। संत ने इसे एक भक्त का अपने आराध्य के प्रति अटूट भरोसा बताया।

इसके बाद भक्त की पुकार सुनकर श्री सांवलिया सेठ राधा-रुकमणी को साथ लेकर सेठ का रूप धारण कर पहुंचे। उन्होंने छप्पन करोड़ रुपए का मायरा भरकर नरसीं भगत की लाज रखी। भगवान ने नानी बाई के ससुराल पक्ष के लोगों के सामने अपना परिचय नरसिंह भगत के मुनीम के रूप में दिया।

संत दिग्विजयराम महाराज ने कथा के दौरान कहा कि चित्तौड़ दुर्ग की प्राचीरें आज भी मीरा बाई के नाम को जागृत करती हैं। भक्ति के लिए चित्तौड़ को मीरां के रूप में जाना जाता है। नानी बाई का मायरा कथा के समापन पर नरसीं भगत और मीरा बाई के प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धा, विश्वास और भगवान के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh

नाम: प्रदीप वैष्णव

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील

अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)

परिचय 

प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।

बीट और विशेषज्ञता 

  • स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
  • क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
  • शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)

Next Story