आकोला क्षेत्र के संगेसरा गांव स्थित प्राचीन संगेसरा मठ में दशनाम जूना अखाड़ा की लगभग 700 वर्ष पुरानी सिद्ध महापुरुषों की गादी पर गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं, साधु-संतों, जनप्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने कार्यक्रम में भाग लेकर गुरु के चरणों में श्रद्धा अर्पित की तथा आशीर्वाद प्राप्त किया।

गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान प्रातः 8 बजे रामायण पाठ एवं पूर्णाहुति का आयोजन किया गया। इसके बाद प्रातः 10 बजे रुद्री पाठ संपन्न हुआ। दोपहर 2 बजे आयोजित गुरु वंदना एवं गुरु पूजन कार्यक्रम में महंत श्री राम चन्द्र गिरी जी का उनके शिष्यों द्वारा पूजन एवं आरती की गई। इस अवसर पर उपस्थित भक्तों ने गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान दीक्षा कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इसमें अनेक भक्तों ने गुरु के बताए मार्ग पर चलने, गुरु के कहे अनुसार कर्म करने तथा गुरु आज्ञा का पालन करने का संकल्प लेते हुए दीक्षा ग्रहण की।

महोत्सव में महाराष्ट्र, हरियाणा, गुजरात, कश्मीर, मध्यप्रदेश, दिल्ली, उत्तरप्रदेश और पंजाब सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इसके अलावा राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, उद्योगपति तथा साधु-संत भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस अवसर पर राजस्थान सरकार के सहकारिता मंत्री गोतम दक, चित्तौड़गढ़ विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या, कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर, कपासन पूर्व विधायक एवं चित्तौड़गढ़ डेयरी चेयरमेन बद्रीलाल जाट तथा बड़ीसादड़ी पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने संगेसरा मठ पहुंचकर गुरु के चरणों में श्रद्धा व्यक्त की और आशीर्वाद प्राप्त किया। गुरु पूर्णिमा महोत्सव में विभिन्न राज्यों एवं राजस्थान के अनेक क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं की उपस्थिति के बीच धार्मिक अनुष्ठानों और गुरु पूजन के साथ आयोजन श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story