वार्ड 56 और 57 के निवासियों ने गंभीरी-बेड़च नदियों के संगम स्थल पर स्थित प्राचीन मंदिर के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विस्तार की मांग की।

शहर के वार्ड नंबर 56 शिव शक्ति नगर तथा वार्ड नंबर 57 भोई खैड़ा के निवासियों ने सांसद जनसुनवाई में उपस्थित होकर सांसद सी.पी. जोशी को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए शहर के गम्भीरी और बेड़च नदियों के संगम पर स्थित प्राचीन संगम महादेव मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने की मांग रखी।

निवासियों ने बताया कि इस पवित्र स्थल का निर्माण 1300 ईस्वी में राजाओं-महाराजाओं द्वारा करवाया गया था। यहां विभिन्न दोषों के निवारण हेतु पूजा-पाठ, हवन आदि धार्मिक अनुष्ठान किए जाते हैं। प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में लोग अस्थि विसर्जन के लिए यहां पहुंचते हैं। स्थानीय मान्यता के अनुसार पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की अस्थियों का विसर्जन भी इसी घाट पर किया गया था। इसे प्रयागराज के बाद देश का दूसरा संगम स्थल माना जाता है, जहां जलधारा उत्तर दिशा की ओर प्रवाहित होती है।

निवासियों ने कहा कि चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर आने वाले देश-विदेश के पर्यटक केवल दुर्ग तक ही सीमित रह जाते हैं, जबकि इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक संगम स्थल का विकास होने पर पर्यटक शहर के मध्य स्थित इस स्थल का भी भ्रमण कर सकेंगे। प्रस्ताव में घाट निर्माण, भोजनशाला, लाइटिंग, फव्वारे, पार्क, सराय, सेल्फी प्वाइंट तथा नौकायन जैसी सुविधाओं के विकास की मांग की गई, जिससे संगम महादेव को एक पूर्ण विकसित पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित किया जा सके। साथ ही यह भी कहा गया कि इसके विकास से समीप स्थित वीर गोरा बादल पनोरमा पर भी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी।

इसी क्रम में क्षेत्रवासियों ने विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के कार्यालय पर पहुंचकर संगम महादेव गोशाला के अधूरे पड़े कार्य को पूर्ण कराने का भी निवेदन किया। इस पर विधायक आक्या ने औद्योगिक समूह को गोशाला निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर बाल किशन भोई, गणेश, रतनलाल, शिव लाल, सोहन, कालू, नारायण, हेमंत, भगवान, गेंदमल, सुशील बंजारा, दिव्या सालवी, गोविद लोहार, देवी लाल लोहार, कमला भाट, सुमन, लक्ष्मी गिरधारी, मुकेश, दिलीप, प्रेम लोहार, भगवती लोहार एवं राधा भाट सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story