राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव सुनील कुमार गोयल द्वारा गुरुवार को महिला अधिकारिता विभाग परिसर, चंदेरिया थाने के पीछे संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सचिव ने केंद्र में संधारित केस रजिस्टर एवं सभी संबंधित दस्तावेजों का बारीकी से अवलोकन कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

सखी वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली के अनुसार यह केंद्र किसी भी प्रकार की हिंसा से पीड़ित महिलाओं को अविलंब आश्रय एवं आवश्यक सहायता एक ही स्थान पर उपलब्ध कराता है। यहां जाति, धर्म, वर्ग, क्षेत्र, लैंगिक अभिविन्यास अथवा वैवाहिक स्थिति के आधार पर किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाता है। पीड़ित महिलाओं को अधिकतम 5 दिन की अवधि तक आश्रय प्रदान किया जाता है, जिसमें भोजन, आवास तथा दैनिक आवश्यकताओं की समुचित पूर्ति की जाती है।

केंद्र पर पीड़िताओं से संबंधित रिपोर्ट एवं बयान संबंधित थाने द्वारा वहीं पर दर्ज किए जाते हैं, जिससे त्वरित कानूनी प्रक्रिया सुनिश्चित हो सके। यह योजना केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार के तत्वावधान में सम्पूर्ण भारत वर्ष में संचालित की जा रही है। सखी वन स्टॉप सेंटर 24 घंटे एवं 365 दिन निरंतर कार्यरत रहता है तथा यहां पारी के अनुसार कुशल परामर्शदाता, सुरक्षा कर्मी एवं हेल्पर सेवाएं प्रदान करने के लिए सदैव उपलब्ध रहते हैं।

निरीक्षण के दौरान केंद्र पर उपस्थित कर्मचारियों ने व्यवस्था से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई। इस अवसर पर प्रभारी नीतू जोशी, ममता तेली एवं सरिता भी उपस्थित रहीं।

यह निरीक्षण महिलाओं की सुरक्षा, त्वरित सहायता एवं संवेदनशील सेवा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story