सैनिक स्कूल शूटिंग प्रतियोगिता: सांगा हाउस ने जीती ओवरऑल ट्रॉफी
सत्र 2026-27 के लिए आयोजित इस अंतर-सदनीय प्रतियोगिता में कैडेट्स ने एयर राइफल और एयर पिस्टल स्पर्धाओं में अपनी एकाग्रता और सटीकता का प्रदर्शन किया।

सैनिक स्कूल में आयोजित शूटिंग प्रतियोगिता के दौरान एयर राइफल और एयर पिस्टल से निशाना साधते कैडेट्स, जहाँ सांगा हाउस ने समग्र प्रदर्शन में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
सैनिक स्कूल में सत्र 2026-27 के अंतर्गत अन्तर सदनीय 10 मीटर एयर राइफल एवं एयर पिस्टल प्रतियोगिता का आयोजन स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया, उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल पारुल श्रीवास्तव एवं प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी श्रीकुमार के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता का समापन समारोह प्राचार्य कर्नल जसरोटिया की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
समापन अवसर पर स्कूल की उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल पारुल श्रीवास्तव, सीनियर मास्टर ओंकार सिंह तथा प्रतियोगिता संयोजक धीरज शर्मा ने मुख्य अतिथि का औपचारिक स्वागत किया। बाबूलाल शिवरान ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता का उद्देश्य कैडेट्स में हाउस भावना, अनुशासन और खेल भावना का विकास करना, एकाग्रता, सटीकता एवं मानसिक शक्ति को सुदृढ़ करना तथा स्कूल स्तर पर आगे के प्रशिक्षण के लिए प्रतिभाशाली निशानेबाजों की पहचान करना था। प्रतियोगिता का आयोजन इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन के नवीनतम नियमों के अनुरूप किया गया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के सभी नौ सदनों से चयनित दो-दो कैडेट्स ने सीनियर एवं जूनियर वर्गों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। जूनियर पिस्टल वर्ग में सांगा हाउस के कैडेट अधिराज चाहर, सांगा हाउस के अविराज सिंह तथा कुम्भा हाउस के अमन कुमार ने सर्वश्रेष्ठ स्कोर प्राप्त किया। सीनियर पिस्टल वर्ग में जयमल हाउस के अनुज पूनिया, बादल हाउस के तेजस चौधरी एवं हमीर हाउस के मोहित चौधरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
जूनियर राइफल वर्ग में बादल हाउस के इक्ष्वाकु, सांगा हाउस के ऋषभ तथा सांगा हाउस के आर्यन ने श्रेष्ठ स्कोर दर्ज किया। सीनियर राइफल वर्ग में प्रताप हाउस के ऋतिक, हमीर हाउस के निधीश एवं कुश हाउस के पुनीत चौधरी ने सर्वोत्तम प्रदर्शन किया। समग्र प्रदर्शन के आधार पर सांगा हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि बादल हाउस द्वितीय एवं हमीर हाउस तृतीय स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता के दौरान रेफरी की भूमिका शूटिंग कोच कृष्णा, सीएचएम मुनबुल नरजरी एवं पीटीआई हवलदार एम नवीन कुमार ने निभाई। समापन समारोह में मुख्य अतिथि कर्नल जसरोटिया ने कहा कि निशानेबाजी केवल एक खेल नहीं, बल्कि आत्मसंयम, धैर्य और मानसिक संतुलन की उत्कृष्ट साधना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वास्तविक संघर्ष बाहरी परिस्थितियों से नहीं, बल्कि व्यक्ति के भीतर की अस्थिरता से होता है, और जो कैडेट अपने मन को नियंत्रित कर लक्ष्य पर पूर्ण एकाग्रता बनाए रखता है, वही सच्चा विजेता बनता है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा विजेता हाउस को ट्रॉफी प्रदान की गई तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित किया गया। यह आयोजन कैडेट्स में प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ अनुशासन और मानसिक दृढ़ता के विकास का प्रभावी मंच सिद्ध हुआ।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
