सैनिक स्कूल स्थापना दिवस से पहले चित्तौड़गढ़ के विद्यालयों में जागरूकता अभियान, छात्रों को दिए करियर मार्गदर्शन
चित्तौड़गढ़ में सैनिक स्कूल के 66वें स्थापना दिवस से पहले जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया, शिक्षा और रक्षा क्षेत्र में करियर के अवसरों की जानकारी दी गई।

तस्वीर में सैनिक स्कूल के 66वें स्थापना दिवस के अवसर पर राजकीय स्कूल में मंच पर खड़े होकर विद्यार्थियों को जानकारी देते कैडेट्स और बैठे हुए शिक्षक नजर आ रहे हैं।
सैनिक स्कूल का 66वां स्थापना दिवस 07 अगस्त को मनाया जाएगा। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत मंगलवार को सैनिक स्कूल की ओर से राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेंथी और सीनियर सेकेंडरी स्कूल नेतावल महाराज में सैनिक स्कूलों के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया, उप प्राचार्या लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल तथा प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी. श्रीकुमार के निर्देशन में किया गया। बाबूलाल शिवरान ने बताया कि जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सैनिक स्कूलों एवं भारतीय सेना के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत सैनिक स्कूल के कैडेट अंश बिलवाल एवं राजपाल ने विद्यार्थियों को सैनिक स्कूलों की विशेषताओं, वहां की शिक्षा पद्धति, अनुशासन तथा करियर के अवसरों की जानकारी देकर की। इस दौरान दोनों कैडेट्स ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सैनिक स्कूलों ने उनके जीवन में किस प्रकार सकारात्मक बदलाव लाए। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं, खेलकूद की व्यवस्थाओं, प्रयोगशालाओं और पुस्तकालय सहित अन्य संसाधनों के बारे में भी विद्यार्थियों को अवगत कराया।
इसके बाद सैनिक स्कूल के सीनियर अध्यापक बी. बी. व्यास ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए सैनिक स्कूलों में प्रवेश के लिए आवश्यक योग्यता, आवेदन प्रक्रिया तथा चयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने रक्षा क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला और विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल न केवल उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्रदान करते हैं, बल्कि बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और देशभक्ति की भावना का भी विकास करते हैं।
नेतावल महाराज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज दीप, प्रिंसिपल राकेश कुमार व्यास और गायत्री टांक सहित शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सैनिक स्कूल स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित यह जागरूकता अभियान विद्यार्थियों को सैनिक स्कूलों तथा रक्षा क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से परिचित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
