सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ ने जीता अखिल भारतीय आईपीएससी फुटबॉल टूर्नामेंट
मेजबान टीम ने फाइनल में ताशी नामग्याल अकादमी को हराकर चैंपियनशिप जीती और 65वें सुब्रतो कप के लिए क्वालिफाई किया।

चित्तौड़गढ़ में आयोजित आईपीएससी फुटबॉल टूर्नामेंट के समापन अवसर पर चैंपियनशिप ट्रॉफी के साथ विजेता टीम के खिलाड़ी, विद्यालय स्टाफ और मुख्य अतिथि विधायक चंद्रभान सिंह आक्या।
चित्तौड़गढ़ के सैनिक स्कूल में आयोजित अखिल भारतीय आईपीएससी फुटबॉल टूर्नामेंट अंडर-14 बालक वर्ग का शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में भव्य समापन हुआ। तीन दिवसीय इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से आई 14 विद्यालयी टीमों ने खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मेजबान सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की और 65वें सुब्रतो कप अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए भी क्वालिफाई कर लिया।
प्रतियोगिता का आयोजन स्कूल प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया, उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल पारुल श्रीवास्तव और प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी. श्रीकुमार के निर्देशन में किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि विधायक चंद्रभान सिंह आक्या रहे। प्राचार्य कर्नल जसरोटिया, उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल श्रीवास्तव, प्रशासनिक अधिकारी और प्रतियोगिता संयोजक चंद्रप्रकाश गोयल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि प्रतियोगिता में देश के प्रतिष्ठित विद्यालयों की कुल 14 टीमों ने भाग लिया। टूर्नामेंट के दौरान खेले गए मुकाबले बेहद रोमांचक रहे, जिनमें खिलाड़ियों ने अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का परिचय दिया। सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन तालमेल, आक्रामक खेल और मजबूत रक्षा पंक्ति का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ विद्यालय ने अगस्त-सितंबर माह में आयोजित होने वाले 65वें सुब्रतो कप अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट में स्थान सुनिश्चित किया। इसे चित्तौड़गढ़ जिले और राजस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
प्रतियोगिता में ताशी नामग्याल अकादमी गंगटोक की टीम उपविजेता रही, जबकि मॉडर्न स्कूल नई दिल्ली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। व्यक्तिगत प्रदर्शन में सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ के कैडेट रविन्द्र को बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया। डीपीएस आर.के. पुरम नई दिल्ली के हर्ष उप्पल को उत्कृष्ट गोलकीपिंग के लिए बेस्ट गोलकीपर पुरस्कार मिला, जबकि ताशी नामग्याल अकादमी गंगटोक के रीयोंग को बेस्ट डिफेंडर चुना गया।
मुख्य अतिथि विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन और खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि देशभर की 14 प्रतिष्ठित विद्यालयी टीमों ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि मैदान में खिलाड़ियों ने जिस आत्मविश्वास, समर्पण और टीम भावना के साथ खेला, वह प्रेरणादायक है। सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ की टीम को चैंपियन बनने पर बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि यह जीत कठोर परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि खेल केवल शरीर को मजबूत नहीं बनाते, बल्कि नेतृत्व क्षमता, धैर्य, अनुशासन और टीमवर्क की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से निकलने वाले खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय, प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
प्रतियोगिता में आईपीएससी ऑब्जर्वर राजेश ओझा मौजूद रहे। रेफरी की जिम्मेदारी लोकेश बुनकर, मोहम्मद शकील, शंकरलाल खटीक, सुरेश चन्द्र नायक, नरेश सुयल, सुरज मीणा, जगदीश समदानी, मनोहरलाल कुमावत, सोहनलाल मेघवाल, राधेश्याम तेली, कमलेश जाट, मोहित दिवान, रिजवान, अरशद और प्रदीप ने निभाई। सीएचएम मुनबुल नरजरी और पीटीआई हवलदार एम. नवीन कुमार ने सह संयोजक के रूप में प्रतियोगिता का संचालन किया।
समारोह के अंत में मुख्य अतिथि ने विजेता सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ टीम को चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान की। इस अवसर पर नवीन पटवारी, शैलेन्द्र झंवर, ओम शर्मा, डॉ. के.एस. कंग, शरद गंगवार, अरुण शर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ की यह उपलब्धि विद्यालयी खेलों में राजस्थान की बढ़ती पहचान और प्रतिभा का मजबूत प्रमाण बनकर सामने आई है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
