राष्ट्रीय सैनिक स्कूल खेल प्रतियोगिता में चित्तौड़गढ़ का दबदबा, कैडेट दिलखुश बने बास्केटबॉल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
कर्नाटक के बीजापुर में आयोजित अखिल भारतीय प्रतियोगिता में बास्केटबॉल और एथलेटिक्स में कैडेट्स ने शानदार प्रदर्शन किया।

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ कर्नाटक के बीजापुर में राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के मंच पर ट्रॉफी प्रदान कर रहे हैं।
सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ ने कर्नाटक के सैनिक स्कूल बीजापुर में आयोजित अखिल भारतीय सैनिक स्कूल राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब हासिल किया। इस प्रतियोगिता में कैडेट दिलखुश को बास्केटबॉल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। वहीं, एथलेटिक्स में भी विद्यालय के कैडेट्स ने कई पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ के कैडेट्स ने खेल कौशल, अनुशासन, समर्पण और खेल भावना का परिचय देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को उनकी उपलब्धियों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पदक और ट्रॉफियां प्रदान कर सम्मानित किया।
प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया, उप-प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल और प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी. श्रीकुमार के मार्गदर्शन में विद्यालय के प्रतिभाशाली कैडेट्स ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान कैडेट्स ने उत्साह, अनुशासन, टीम भावना और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि सैनिक स्कूल बीजापुर, कर्नाटक में आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के आठ जोन के 43 सैनिक स्कूलों के कुल 544 कैडेट्स ने भाग लिया। इनमें 296 बालक और 248 बालिकाएं शामिल थीं। प्रतियोगिता के दौरान बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, ट्रैक एंड फील्ड, दौड़ और लंबी कूद सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के साथ वाद-विवाद एवं क्विज प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ के कैडेट्स ने एथलेटिक्स में भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। कैडेट युवराज ने 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक, गुंजन ने 400 मीटर दौड़ में रजत पदक, ज्योति ने लंबी कूद में कांस्य पदक और कैडेट हर्षराज झाला ने लंबी कूद में रजत पदक जीतकर विद्यालय की पदक तालिका में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस उपलब्धि पर प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ की सफलता विद्यालय की खेलों के प्रति प्रतिबद्धता, बालिका सशक्तिकरण और कैडेट्स के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भागीदारी से कैडेट्स में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम भावना विकसित होती है।
प्राचार्य ने सभी प्रतिभागी कैडेट्स, प्रशिक्षकों और मार्गदर्शकों को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी। साथ ही भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और देश का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उपविजेता बनने के साथ दिलखुश को सर्वश्रेष्ठ बास्केटबॉल खिलाड़ी का सम्मान मिलना सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ के खेल प्रदर्शन की प्रमुख उपलब्धि रही।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
