सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में अलंकरण समारोह आयोजित, कैडेट्स ने ली शपथ
कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया ने नवनियुक्त कैडेट कप्तानों को रैंक प्रदान की और उन्हें ईमानदारी से कर्तव्य निर्वहन की प्रेरणा दी।

सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ के शंकर मेनन सभागार में आयोजित समारोह के दौरान मंच पर रैंक प्राप्त करने के बाद मुख्य अतिथि कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया और प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी श्रीकुमार के साथ खड़े नवनियुक्त छात्र नेतृत्व दल के सदस्य।
चित्तौड़गढ़। सैनिक स्कूल के शंकर मेनन सभागार में गुरुवार को आयोजित गरिमामय समारोह में कैडेट्स को नेतृत्व और जिम्मेदारी का दायित्व सौंपते हुए उन्हें कर्तव्य निर्वहन की शपथ दिलाई गई। समारोह का आयोजन स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया एवं प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी श्रीकुमार के निर्देशन में हुआ, जहां स्कूल एवं हाउस वाईस कैप्टेन्स को औपचारिक रूप से रैंक प्रदान की गई।
समारोह के मुख्य अतिथि कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया रहे। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी श्रीकुमार एवं सीनियर मास्टर ओंकार सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने जानकारी देते हुए बताया कि स्कूल वाईस कैप्टेन के रूप में कैडेट करन जोहरर को, स्कूल अकादमिक वाईस कैप्टेन रितिका मीना को, स्कूल स्पोर्ट्स वाईस कैप्टेन युवराज मावलिया को तथा स्कूल मेस वाईस कैप्टेन अंश बिलवाल को मुख्य अतिथि एवं प्रशासनिक अधिकारी द्वारा रैंक प्रदान की गई।
इसी क्रम में लव हाउस के शिवशक्ति, कुश हाउस के दक्ष यादव, प्रताप हाउस के हिमांशु यादव, जयमल हाउस के धीरज कुमार जटिया, बादल हाउस के मंजीत सिंह, हमीर हाउस के आदित्य यादव, कुम्भा हाउस के युवराज यादव, सांगा हाउस के गौरव सिंह एवं पद्मिनी हाउस की नेहा को संबंधित हाउस मास्टर्स द्वारा हाउस वाईस कैप्टेन्स के रूप में रैंक प्रदान की गई।
समारोह के दौरान अध्यापक अमित कुमार झा ने सभी कैप्टेन्स को कर्तव्य निर्वहन की शपथ दिलाई। मुख्य अतिथि कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया ने सभी कैप्टेन्स को बधाई देते हुए कहा कि यह दायित्व उन्हें अपने साथी कैडेटों का मार्गदर्शन करने, उन्हें प्रभावित करने तथा विद्यालय की गरिमा बनाए रखने का दुर्लभ अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कैडेट्स को संस्थान के आदर्श वाक्य के अनुरूप जीवन जीने की प्रेरणा देते हुए स्पष्ट किया कि उनका बैज शक्ति का नहीं, बल्कि ईमानदारी और सेवा का प्रतीक होना चाहिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि सभी कैडेट्स अपने कर्तव्यों का निर्वहन सम्मान, विनम्रता और साहस के साथ करें। यह समारोह न केवल नेतृत्व विकास का प्रतीक बना, बल्कि अनुशासन, सेवा और नैतिक मूल्यों के प्रति कैडेट्स की प्रतिबद्धता को भी सुदृढ़ करने वाला साबित हुआ।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
