चित्तौड़गढ़ सैनिक स्कूल में अंतर सदनीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता संपन्न
लव हाउस ने जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों में खिताब जीता, कैडेट दिलकुश और गौरव बने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी।

चित्तौड़गढ़ सैनिक स्कूल में बास्केटबॉल प्रतियोगिता के समापन पर विजेता लव हाउस की टीम को ट्रॉफी प्रदान करते मुख्य अतिथि कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया।
चित्तौड़गढ़। सैनिक स्कूल में अन्तर सदनीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया एवं प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी श्रीकुमार के निर्देशन में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्राचार्य कर्नल जसरोटिया उपस्थित रहे, जिनका स्वागत स्कूल के सीनियर मास्टर ओंकार सिंह ने किया।
जनसम्पर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान के अनुसार प्रतियोगिता में कुल आठ सदनों की टीमों ने भाग लिया, जिसमें कक्षा सातवीं से ग्यारहवीं के कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान जूनियर एवं सीनियर दोनों वर्गों में अत्यंत रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
जूनियर वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों में लव हाउस ने जयमल हाउस को तथा बादल हाउस ने कुश हाउस को हराया। वहीं सीनियर वर्ग के सेमीफाइनल में लव हाउस ने सांगा हाउस को और कुम्भा हाउस ने बादल हाउस को पराजित किया। जूनियर वर्ग के फाइनल में लव हाउस एवं बादल हाउस के बीच हुए मुकाबले में लव हाउस विजयी रहा। सीनियर वर्ग के फाइनल में लव हाउस ने कुम्भा हाउस को हराकर खिताब अपने नाम किया।
समग्र प्रदर्शन के आधार पर प्रतियोगिता में लव हाउस प्रथम, बादल हाउस द्वितीय एवं कुम्भा हाउस तृतीय स्थान पर रहा। जूनियर वर्ग में लव हाउस के कैडेट दिलकुश चौधरी को बेस्ट बास्केटबॉल प्लेयर घोषित किया गया, जबकि सीनियर वर्ग में यह सम्मान गौरव जाखड़ को मिला।
प्रतियोगिता के संयोजक जयपाल सिंह शेखावत रहे तथा रेफरी का दायित्व पीटीआई हवलदार एम नवीन कुमार ने निभाया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कर्नल जसरोटिया ने कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जो न केवल शारीरिक बल और कौशल को बढ़ाते हैं, बल्कि आत्मअनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व जैसे गुणों का विकास करते हैं, जो एक सैनिक के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि बास्केटबॉल गति, रणनीति और सामूहिक प्रयास का प्रतीक है, और कैडेट्स द्वारा प्रदर्शित जोश, समर्पण और अनुशासन प्रशंसनीय है।
समारोह के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा विजेता हाउस को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे कैडेट्स में उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को नई दिशा मिली।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
