चित्तौड़गढ़। जयपुर के कालवाड़ रोड स्थित सागर इक्वेस्ट्रियन स्पोर्ट्स एकेडमी में नेशनल इक्वेस्ट्रियन फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में जूनियर नेशनल इक्वेस्ट्रियन चैंपियनशिप का भव्य आयोजन किया गया।


प्रतियोगिता का विवरण

इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, महाराष्ट्र, तेलंगाना सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली जूनियर घुड़सवारों ने भाग लेकर अपने उत्कृष्ट घुड़सवारी कौशल का प्रदर्शन किया।

सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ का प्रतिनिधित्व

  • स्कूल प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया, उप-प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल पारुल श्रीवास्तव एवं प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी श्रीकुमार के मार्गदर्शन में सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ के कैडेट अर्नव चौधरी, विराज, दिव्यांश चाहर, अल्केश एवं देवेश ने स्कूल का प्रतिनिधित्व किया।
  • सभी कैडेट्स ने प्रतियोगिता के दौरान अनुशासन, समर्पण, टीम भावना एवं खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सैनिक स्कूल की गौरवशाली परंपराओं को सुदृढ़ किया।

ऐतिहासिक सफलता और उपलब्धियां

बाबू लाल शिवरान ने बताया कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच कैडेट अर्नव चौधरी ने जहां 40 किलोमीटर एंड्योरेंस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता, वहीं विराज एवं देवेश ने भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर 60 किलोमीटर जूनियर नेशनल इक्वेस्ट्रियन प्रतियोगिता के लिए अहर्ता प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ा।

प्राचार्य का संदेश और बधाई

कैडेट्स की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर स्कूल प्राचार्य जसरोटिया ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विजेता एवं प्रतिभागी कैडेट्स को हार्दिक बधाई दी।

"यह सफलता कैडेट्स की निरंतर मेहनत, कठोर प्रशिक्षण, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प का प्रतिफल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ के कैडेट्स राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्कूल और देश का नाम रोशन करते रहेंगे।"

यह उपलब्धि न केवल सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ के लिए गर्व का विषय है, बल्कि अन्य कैडेट्स एवं युवाओं के लिए भी प्रेरणा स्त्रोत सिद्ध होगी।



Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story