चित्तौड़गढ़ के सैनिक स्कूल में 66वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत शुक्रवार को स्कूल परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य रक्त की कमी को पूरा करना तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना रहा।

शिविर में स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया, प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी. श्रीकुमार, संयोजक मंजीत सिंह राठौड़, पूर्व छात्र, शिक्षक एवं कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर इस सामाजिक कार्य में अपना योगदान दिया। जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि शिविर का उद्घाटन स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया ने किया।

स्कूल के 07 अगस्त को मनाए जाने वाले 66वें स्थापना दिवस को समर्पित इस शिविर में 42 वालंटियर्स ने स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज सेवा में अपनी भागीदारी निभाई। इस अवसर पर प्राचार्य कर्नल जसरोटिया ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान एक महान कार्य है और यह दूसरों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

शिविर के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रशासन तथा सभी स्वयंसेवकों का धन्यवाद किया गया। रक्तदान शिविर में स्कूल के कम्पाउण्डर रामस्वरूप, नर्सिंग असिस्टेंट नंद कँवर तथा जिला अस्पताल की चिकित्सा टीमों ने सहयोग प्रदान किया। शिविर के प्रभारी मंजीत सिंह राठौड़ रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story