सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में अन्तर सदनीय एक्वेटिक चैंपियनशिप का भव्य शुभारम्भ
सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में दो दिवसीय अन्तर सदनीय एक्वेटिक चैंपियनशिप शुरू हुई। प्रतियोगिता में ग्यारह सदनों के कैडेट्स विभिन्न तैराकी स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर अपने कौशल और प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

तस्वीर में चित्तौड़गढ़ स्थित सैनिक स्कूल के इंडोर स्विमिंग पूल में कैडेट्स अन्तर सदनीय एक्वेटिक चैंपियनशिप के दौरान तैराकी स्पर्धा में भाग लेते हुए नजर आ रहे हैं।
चित्तौड़गढ़ स्थित सैनिक स्कूल में दो दिवसीय अन्तर सदनीय एक्वेटिक चैंपियनशिप का सोमवार को शुभारम्भ हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया रहे। इस अवसर पर उप प्राचार्या लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल एवं प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी श्रीकुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
जनसम्पर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि इस चैंपियनशिप में सैनिक स्कूल के सभी ग्यारह सदनों के कक्षा छठवीं से ग्यारहवीं तक के कैडेट्स भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता को ग्रुप ए सीनियर्स, ग्रुप बी जूनियर्स, ग्रुप सी सब-जूनियर्स तथा ग्रुप डी और ग्रुप ई गर्ल्स श्रेणियों में विभाजित किया गया है।
चैंपियनशिप के दौरान विभिन्न तैराकी स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें 25 मीटर फ्रीस्टाइल, 50 मीटर फ्रीस्टाइल और 50 मीटर फ्री स्टाइल रिले जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया ने अपने संबोधन में कहा कि एक्वेटिक खेल केवल शारीरिक तंदुरुस्ती को बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि कैडेट्स में अनुशासन, धैर्य और दृढ़ संकल्प जैसे महत्वपूर्ण गुणों का भी विकास करते हैं।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन खेल-कूद के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना और शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व को भी उजागर करता है। तैराकी एक अत्यंत महत्वपूर्ण खेल है, जो शारीरिक फिटनेस के साथ धैर्य, आत्म-विश्वास और साहस की भावना को भी मजबूत करता है। इस चैंपियनशिप के माध्यम से युवा खिलाड़ी अपने कौशल का प्रदर्शन कर नई ऊंचाइयों को छूने का प्रयास करेंगे।
चैंपियनशिप के पहले दिन विभिन्न श्रेणियों में तैराकी स्पर्धाओं का आयोजन किया गया, जिसमें कैडेट्स ने शानदार प्रदर्शन किया। कैडेट्स के प्रदर्शन से दर्शकगण भी काफी प्रभावित हुए। प्रतियोगिता के समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को पुरस्कार और प्रमाणपत्र वितरित किए जाएंगे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
