निमोनिया से पांच साल तक के बच्चों को सुरक्षित रखने और बाल मृत्यु दर में कमी लाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने विशेष अभियान की शुरुआत की है। इसके तहत 28 फरवरी तक सांस अभियान संचालित किया जाएगा। साथ ही 15 से 21 नवंबर तक राष्ट्रीय नवजात सप्ताह भी आयोजित होगा। अभियान का शुभारंभ सीएमएचओ डॉ. ताराचन्द गुप्ता ने पोस्टर का विमोचन कर किया।

निम्बाहेड़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएमएचओ डॉ. ताराचन्द गुप्ता ने बताया कि सांस अभियान के तहत 'निमोनिया नहीं तो बचपन सही' थीम पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य पांच वर्ष तक के बच्चों में निमोनिया की रोकथाम और समय पर प्रभावी उपचार सुनिश्चित करना है। इसके लिए जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों में उपचार प्रोटोकॉल, जांच उपकरण और इलाज में उपयोग होने वाली एंटीबायोटिक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान के तहत आशा सहयोगिनियां घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों की जांच करेंगी और उनमें निमोनिया के लक्षणों की पहचान करेंगी। किसी बच्चे में गंभीर लक्षण पाए जाने पर उसे तत्काल सरकारी अस्पताल रेफर किया जाएगा। वहां चिकित्सक की सलाह के अनुसार उचित चिकित्सा उपलब्ध करवाई जाएगी।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि गंभीर निमोनिया की स्थिति में बच्चों को लगातार खांसी, तेज सांस चलने और बुखार जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा स्तनपान करने में परेशानी तथा अन्य तरल पदार्थ लेने में कठिनाई भी गंभीर लक्षणों में शामिल हैं।

पोस्टर विमोचन के साथ अभियान की शुरुआत करते हुए डॉ. ताराचन्द गुप्ता ने इसके अधिकाधिक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। उन्होंने जिले के चिकित्सा संस्थानों तक अभियान से संबंधित सामग्री पहुंचाने के निर्देश भी दिए।

सीएमएचओ डॉ. ताराचन्द गुप्ता ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों में निमोनिया के गंभीर लक्षणों को लेकर सतर्क रहें। लगातार खांसी, तेज सांस चलना, बुखार, शिशु को स्तनपान कराने में परेशानी और अन्य तरल पदार्थ लेने में कठिनाई जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।

पोस्टर विमोचन के अवसर पर सीएमएचओ के साथ डॉ. प्रियंका वर्मा, आरसीएचओ, विनायक मेहता, डीपीएम देवीलाल भील और डीएसी सचिन अग्रवाल डीएमएम उपस्थित रहे।

Next Story