चित्तौड़गढ़। अतिदुर्गम घाटा क्षेत्र की अभयपुर पंचायत के पंचुडल गांव से निकलकर एक होनहार बेटी ने ऐसा इतिहास रचा है, जिसने पूरे इलाके का मान बढ़ा दिया। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बीच निरंतर परिश्रम से आगे बढ़ीं मंजू मीणा ने एक साथ चार प्रतिष्ठित भर्तियों में अंतिम रूप से चयनित होकर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे घाटा क्षेत्र और जिले को गौरवान्वित किया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर ग्राम पंचायत अभयपुर के शिक्षकों और ग्रामीणों ने मंजू मीणा तथा उनके परिवार का भव्य सम्मान किया।

घाटा क्षेत्र में कार्यरत शिक्षक गणेश उनियारा ने जानकारी देते हुए बताया कि मंजू मीणा का चयन नर्सिंग ऑफिसर, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर, नर्सिंग ट्यूटर और नर्स ग्रेड सेकंड जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अंतिम रूप से हुआ है। एक साथ चार जिम्मेदार पदों पर चयन होना क्षेत्र में अपनी तरह की असाधारण उपलब्धि मानी जा रही है, जिसने ग्रामीण अंचल की बेटियों के लिए नई प्रेरणा प्रस्तुत की है।

उल्लेखनीय है कि मंजू मीणा ने कक्षा 10 तक की शिक्षा स्थानीय राजकीय विद्यालय अभयपुर से प्राप्त की। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और संसाधनों की कमी के बावजूद उन्होंने लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण बनाए रखा और निरंतर मेहनत से सफलता की नई इबारत लिखी। अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए मंजू मीणा ने इसका श्रेय अपने माता-पिता और ससुराल पक्ष को दिया तथा कहा कि उनके सहयोग, संस्कार और विश्वास ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर मंजू के पिता और भामाशाह लक्ष्मीचंद मीणा ने ग्राम पंचायत अभयपुर के समस्त गांवों के लगभग एक हजार बच्चों को कृष्ण भोग करवाया। यह आयोजन समाज के प्रति कृतज्ञता और सामूहिक खुशी का प्रतीक बना, जिसने पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल रच दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मंजू मीणा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता से घाटा क्षेत्र की बेटियों को नई दिशा, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने का संबल मिलेगा। यह उपलब्धि इस विश्वास को और मजबूत करती है कि प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती और दृढ़ संकल्प से हर बाधा को पार किया जा सकता है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story