सावन में बड़ीसादड़ी के ऋण मुक्तेश्वर महादेव मंदिर में हुई प्राण-प्रतिष्ठा, धर्मशाला के लिए 5 लाख की घोषणा
बड़ीसादड़ी के महात्मा गांधी आदर्श कॉलोनी स्थित नव निर्मित ऋण मुक्तेश्वर महादेव मंदिर में सावन के पहले सोमवार को शिव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सम्पन्न हुई। कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालु पहुंचे और धर्मशाला निर्माण के लिए 5 लाख रुपए की घोषणा भी की गई।

तस्वीर में बड़ीसादड़ी स्थित नवनिर्मित ऋण मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर उपस्थित श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक दिखाई दे रहे हैं।
चित्तौड़गढ़ जिले के बड़ीसादड़ी नगर स्थित महात्मा गांधी आदर्श कॉलोनी में नव निर्मित ऋण मुक्तेश्वर महादेव मंदिर में सावन माह के पहले सोमवार को शिव परिवार की प्रतिमाओं की स्वामी अनंतराम जी महाराज के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धापूर्वक प्राण-प्रतिष्ठा की गई। नगर के औद्योगिक क्षेत्र एवं कॉलोनीवासियों के सामूहिक प्रयास से आयोजित तीन दिवसीय उत्सव श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।
पंडित प्रवीण शर्मा के नेतृत्व में पांच पंडितों ने वैदिक विधि-विधान के अनुसार शिव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा कराई। महाआरती के बाद महाप्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें पूरे समय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा।
स्वामी अनंतराम शास्त्री ने कहा कि मंदिर केवल पूजा के केंद्र नहीं होते, बल्कि संस्कार, सेवा, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना के प्रेरणास्थल भी होते हैं। उन्होंने कहा कि शिव आराधना से संयम और करुणा का संदेश मिलता है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कंठालिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
महोत्सव में राज्य के सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम दक सहित कई जनप्रतिनिधि पहुंचे। सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों की बोलियां भी लगाई गईं। मंदिर परिसर में प्रथम पूज्य भगवान गणपति की प्रतिमा स्थापना की बोली भगवतसिंह झाला के नाम 1 लाख 1 हजार रुपए में रही। भगवान कार्तिकेय की प्रतिमा स्थापना की बोली प्रकाश टेलर के नाम 31 हजार रुपए, माता पार्वती की प्रतिमा स्थापना की बोली पुष्कर राजमाली के नाम 31 हजार रुपए तथा कश्यप की प्रतिमा स्थापना की बोली 51 हजार रुपए किशनलाल सत्यनारायण सुथार के नाम पर रही। नंदी प्रतिमा की बोली यशवन्त सिंह झाला के नाम 61 हजार रुपए, ध्वजारोहण की बोली गोपाल सोनी के नाम 52 हजार रुपए, घंटी की बोली जगदीश सुथार के नाम 35 हजार रुपए, आरती की बोली महेंद्रसिंह भाटी के नाम 35 हजार रुपए तथा बाल भोग की बोली रामेश्वर लाल के नाम पर छूटी।
इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन विनोद कंठालिया, पूर्व अध्यक्ष पुष्कर राज माली, भाजपा अध्यक्ष धनपाल मेहता, राकेश मेहता, हेमंत डांगी, प्रकाश टेलर, जगदीश कंडारा, महावीर मुनेत सहित कई जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। बाल भोग, महाआरती और महाप्रसाद वितरण के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ।
मंदिर के निकट धर्मशाला निर्माण के लिए राज्य के सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री गौतम दक ने 5 लाख रुपए की स्वीकृति दिलाने की घोषणा की। कार्यक्रम में स्वामी अनंतराम शास्त्री, पंडित प्रवीण शर्मा और शुभम शुक्ला ने वैदिक मंत्रोच्चार कराया।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh
नाम: प्रदीप वैष्णव
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील
अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)
परिचय
प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।
बीट और विशेषज्ञता
- स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
- क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
- शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)
