चित्तौड़गढ़। राजस्थान पेंशनर समाज जिला शाखा के कार्यालय सभागार में बुधवार को जिले की सभी उपशाखाओं के अध्यक्षों, सचिवों एवं जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण आपात बैठक आयोजित की गई। प्रदेशाध्यक्ष शंकरसिंह मनोहर के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में पेंशनरों को आरजीएचएस (RGHS) योजना में व्याप्त गंभीर विसंगतियों और भविष्य की चुनौतियों से अवगत कराया गया। बैठक में मुख्य रूप से आरजीएचएस के माध्यम से दवा वितरण में हो रही आनाकानी, बकाया चिकित्सा बिलों का लंबित भुगतान और दवा विक्रेताओं को समय पर राशि न मिल पाने जैसे मुद्दों पर गहरा रोष व्यक्त किया गया। विशेष रूप से आरजीएचएस की वर्तमान व्यवस्था को बदलकर इसे इंश्योरेंस विभाग को सौंपने के सरकारी प्रस्ताव का कड़ा विरोध करते हुए पेंशनरों ने एकजुट होकर संघर्ष करने का बिगुल फूंक दिया है।

प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण दशोरा के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में पेंशनर जिला पेंशन कार्यालय पर एकत्रित हुए। यहाँ से एक विशाल जुलूस के रूप में नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन करते हुए पेंशनर कलेक्ट्रेट भवन पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने जिला कलक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर मांग की है कि आरजीएचएस की चिकित्सा सुविधाओं में तत्काल सुधार किया जाए, इसे पूर्ववत व्यवस्था के अनुसार ही लागू रखा जाए और जिला स्तर पर प्रतिमाह अनिवार्य रूप से समीक्षा बैठक आयोजित की जाए। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि ज्ञापन के बावजूद राज्य सरकार ने हठधर्मिता अपनाई और कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार पूरे राजस्थान में जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल की जाएगी। इसी क्रम में वर्तमान सप्ताह में सभी उपशाखाएं भी अपने अध्यक्षों के नेतृत्व में धरना देकर ज्ञापन सौंपेंगी। जिलाध्यक्ष दशोरा ने जिले के समस्त पेंशनरों से अपील की है कि वे संगठित होकर इस संघर्ष में सक्रिय भागीदारी निभाएं और बड़े आंदोलन के लिए तैयार रहें।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story