शिविर में करीब 75 लाख रुपये मूल्य के व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल और श्रवण यंत्र वितरित कर वरिष्ठ नागरिकों को सशक्त बनाने का प्रयास किया गया।

केंद्र सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत राजस्थान सरकार एवं एलिम्को (ALIMCO) के सहयोग से मंगलवार को इंदिरा प्रियदर्शिनी ऑडिटोरियम में विशाल सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में लगभग 800 वरिष्ठ नागरिकों को करीब 75 लाख रुपये मूल्य के सहायक उपकरण वितरित किए गए।

कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, सांसद सी.पी. जोशी, जिला कलक्टर मंजू, भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह रूद, कैलाश मंत्री, श्रवणसिंह राव, सुधीर जैन, मनोज पारीक, गोवर्धन जाट, अनिल ईनाणी, शैलेन्द्र झंवर, भरत जागेटिया, राजन माली, ओमप्रकाश शर्मा, नंदकिशोर लोहार और दीपक शर्मा भी मौजूद रहे।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। मंत्री गहलोत ने सांसद सी.पी. जोशी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि चित्तौड़गढ़ की जनता का सौभाग्य है कि उन्हें ऐसा जनप्रतिनिधि मिला है जो दिन-रात जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर सक्रिय रहते हैं। उन्होंने कहा कि सांसद जोशी की पहल से क्षेत्र में अनेक जनकल्याणकारी शिविर आयोजित हुए हैं, जिनका लाभ हजारों जरूरतमंदों तक पहुंचा है।

उन्होंने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित पेंशन योजनाएं, स्कूटी वितरण योजना, दिव्यांगजन सहायता कार्यक्रम तथा वरिष्ठ नागरिक कल्याण योजनाएं समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं। पात्र लोगों से इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान भी किया गया।

सांसद सी.पी. जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं तथा देश ने विकास और जनकल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय वयोश्री योजना के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके जीवन को अधिक सुगम, सुरक्षित और सम्मानजनक बनाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि शिविर से पूर्व व्यापक सर्वे एवं पंजीयन अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों की पहचान की गई, जिससे वास्तविक जरूरतमंदों तक योजना का लाभ पहुंचाया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र में पूर्व में भी दिव्यांगजनों के लिए बड़े स्तर पर शिविर आयोजित कर हजारों लोगों को सहायक उपकरण एवं मोटराइज्ड स्कूटी वितरित की जा चुकी हैं। साथ ही प्रधानमंत्री की आयुष्मान भारत योजना के विस्तार से 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है।

शिविर के दौरान लाभार्थियों को व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, वॉकर, श्रवण यंत्र, छड़ी एवं अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए। अंत में सभी अतिथियों ने वरिष्ठ नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story