राशमी। चित्तौड़गढ़ जिले के राशमी थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक ऐसा हृदयविदारक हादसा हुआ, जिसने दो परिवारों की खुशियों को उम्र भर के गम में बदल दिया। राशमी-पहुना मार्ग पर लालपुरा के समीप एक अनियंत्रित कार पलटने से 26 वर्षीय युवक प्रवीण नकवाल की अकाल मृत्यु हो गई। विडंबना यह रही कि जिस युवक के घर में अगले माह शहनाइयां गूंजने वाली थीं और शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं, वहां अब मातम का सन्नाटा पसरा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूलतः पहुना निवासी और वर्तमान में उदयपुर जिले के मावली थाना क्षेत्र स्थित चमनपुरा में रहने वाले प्रवीण नकवाल पुत्र बंशीलाल वाल्मीकि शुक्रवार रात करीब 10 बजे अपनी कार से पहुना से चमनपुरा के लिए रवाना हुए थे। सफर शुरू हुए अभी कुछ ही समय बीता था कि लालपुरा के निकट उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर कई बार पलट गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पलटने के दौरान प्रवीण कार से छिटक कर बाहर गिर पड़े, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनका प्राणांत हो गया। अनियंत्रित कार सड़क किनारे एक पेड़ से जाकर टकरा गई, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

शनिवार सुबह जब ग्रामीणों ने सड़क किनारे पलटी हुई कार और युवक का शव देखा, तो इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थानाधिकारी सीआई रतन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई। मौके पर चौकी प्रभारी नंदलाल सैनी, हेड कांस्टेबल महिपाल सिंह और कांस्टेबल दीपक सहित पुलिस जाप्ता पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मृतक की शिनाख्त कर तत्काल उनके परिजनों को सूचित किया। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए मृतक के पिता बंशीलाल की रिपोर्ट पर मृग दर्ज कर लिया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम की कार्रवाई के पश्चात शव शोकाकुल परिजनों को सौंप दिया गया है। एक होनहार युवक की इस तरह अचानक विदाई ने न केवल चमनपुरा बल्कि पहुना क्षेत्र को भी झकझोर कर रख दिया है। नियति का क्रूर खेल देखिए कि जिस घर में अगले महीने शादी का उत्सव होना था, वहां अब केवल सिसकियां शेष हैं।

Piyush Mundara, Chittorgarh

Piyush Mundara, Chittorgarh

नाम: पियूष मूंदड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)

अनुभव: साल 2013 से

विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग

बीट और कवरेज 

  • स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
  • क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
  • प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
  • शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
  • बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।

शैक्षणिक योग्यता

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story