राशमी में 413 किलो संदिग्ध घी जब्त, डीएसटी और एफएसओ की संयुक्त कार्रवाई
चित्तौड़गढ़ की डीएसटी, पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने राशमी में छापेमारी कर अनिल पोखरना के ठिकाने से सील किया 413 किलो संदिग्ध सरस घी।

राशमी में संदिग्ध घी के डिब्बों की जांच करते खाद्य सुरक्षा अधिकारी और पुलिस टीम।
राशमी कस्बे में मकान और दुकान में कथित रूप से भंडारित संदिग्ध घी के खिलाफ जिला विशेष टीम (डीएसटी), खाद्य सुरक्षा अधिकारी (एफएसओ) विभाग और राशमी थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। टीम ने अनिल पोखरना के मकान और दुकान की तलाशी लेकर अलग-अलग मार्का वाले कुल 413 किलोग्राम संदिग्ध घी को जब्त किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने घी के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए डीएसटी टीम को विशेष निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत बुधवार को डीएसटी टीम प्रभारी एएसआई सूरज कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि राशमी थाना क्षेत्र के कस्बे में अनिल पोखरना के मकान और दुकान में देसी घी का अवैध रूप से भंडारण किया गया है और उसका विक्रय किया जा रहा है।
सूचना विश्वसनीय पाए जाने पर एएसआई सूरज कुमार मय जाब्ता कार्रवाई के लिए रवाना हुए। सीएमएचओ ताराचंद के निर्देशन में फूड इंस्पेक्टर मनीष शर्मा और कुलदीप मीणा को साथ लेकर टीम राशमी पहुंची। वहां राशमी थाने से हेड कांस्टेबल हजारीलाल मय टीम को साथ लेकर अनिल पोखरना के मकान और दुकान की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान अलग-अलग मार्का वाले टिन और प्लास्टिक के डिब्बे मिले, जिन पर सरस घी लिखा हुआ था। घी संदिग्ध प्रतीत होने पर एफएसओ टीम ने उसके नमूने लिए, जिन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। कार्रवाई के दौरान सभी डिब्बों को सील कर कमरे में रखा गया और कमरे को भी सील कर दिया गया। जब्त संदिग्ध घी का कुल वजन 4 क्विंटल 13 किलोग्राम यानी 413 किलो बताया गया है।
संयुक्त कार्रवाई में राशमी थाना पुलिस, डीएसटी टीम और एफएसओ विभाग के अधिकारी शामिल रहे। राशमी थाना पुलिस की टीम में थानाधिकारी गेहरीलाल गुर्जर, हेड कांस्टेबल हजारीलाल, कांस्टेबल सुरेश, जैसाराम, अनिल, अर्जुन और लाल शामिल थे। डीएसटी टीम में एएसआई सूरज कुमार के साथ कांस्टेबल अरविंद, कृष्णकांत, अशोक, वीरेंद्र, रमेश और मनोज मौजूद रहे। एफएसओ विभाग की ओर से फूड इंस्पेक्टर मनीष शर्मा और कुलदीप मीणा ने कार्रवाई में भाग लिया।
अब जब्त घी के नमूनों की प्रयोगशाला में जांच के बाद उसकी गुणवत्ता और वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल मकान और दुकान से मिले 413 किलोग्राम संदिग्ध घी को सील कर दिया गया है।

