रानीखेड़ा में शिक्षा विभाग की ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न, डिजिटल सुधारों पर जोर
निम्बाहेड़ा के रानीखेड़ा में पीईईओ और संस्था प्रधानों की बैठक में बोर्ड परीक्षा परिणाम, शाला दर्पण पोर्टल और डिजिटल प्रवेशोत्सव 2026-27 की रणनीति पर चर्चा हुई।

निम्बाहेड़ा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रानीखेड़ा में आयोजित ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार मूंदड़ा और उपस्थित संस्था प्रधान।
निम्बाहेड़ा। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार दशोरा के आदेशानुसार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रानीखेड़ा में ब्लॉक स्तरीय संस्था प्रधानों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार मूंदड़ा की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में कक्षा 10 एवं 12 के परीक्षा परिणाम की समीक्षा सहित जिला रैंकिंग बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर मूंदड़ा ने विद्यालयों के बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए सभी संस्था प्रधानों को धन्यवाद दिया एवं नवीन सत्र के लिए और अच्छे परीक्षा परिणाम की योजना बनाने का मार्गदर्शन प्रदान किया। इस बैठक में ब्लॉक के समस्त पीईईओ (PEEO) और संस्था प्रधानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
डिजिटल प्रवेशोत्सव और नामांकन वृद्धि की रणनीति
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अरविन्द कुमार मूंदड़ा के द्वारा निर्देश दिए कि डिजिटल प्रवेशोत्सव 2026-27 के अंतर्गत 'हाउस होल्ड सर्वे' के माध्यम से ड्रॉप-आउट एवं अनामांकित बच्चों को चिह्नित कर उनका शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए। "कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे" के संकल्प के साथ घर-घर जाकर अभिभावकों को प्रेरित करने की रणनीति बनाई गई। बैठक में शाला दर्पण पोर्टल पर कार्मिक उपस्थिति एवं शिक्षक एप्प के माध्यम से विद्यार्थी उपस्थिति की प्रभावी मॉनिटरिंग पर बल दिया गया। विद्यालयों द्वारा प्रतिदिन शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थिति को ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करने की अनिवार्यता पर विशेष जोर दिया गया।
पोर्टल अपडेट एवं मध्याह्न भोजन की समीक्षा
बैठक के दौरान एमडीएम (MDM) एवं राजसिम्स (RajSMS) पोर्टल की कार्यप्रणाली पर चर्चा करते हुए निर्देश दिए गए कि मिड-डे मील की दैनिक रिपोर्टिंग और राजसिम्स पोर्टल पर डेटा अपडेशन में किसी भी प्रकार की कोताही को गंभीरता से लिया जाएगा। इसके साथ ही राजसिम्स पोर्टल की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शशि कुमार उपाध्याय के द्वारा ज्ञान संकल्प पोर्टल के बारे में जानकारी साझा की गई। उन्होंने विद्यालयों के बुनियादी ढांचे के विकास हेतु भामाशाहों को जोड़ने और 'ज्ञान संकल्प पोर्टल' के माध्यम से ऑनलाइन डोनेशन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
जर्जर भवन निस्तारण एवं सुरक्षा प्रबंध
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अरविन्द कुमार मूंदड़ा के द्वारा जर्जर भवन एवं सुरक्षा संबंधी प्रस्तावों पर चर्चा की गई ताकि विद्यालयों में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित हो सके। जर्जर भवनों के चिन्हीकरण पर विस्तृत विमर्श हुआ और संस्था प्रधानों को निर्देशित किया गया कि वे जर्जर कमरों की नीलामी या मरम्मत हेतु आवश्यक प्रस्ताव तत्काल विभाग को प्रेषित करें ताकि वर्षा ऋतु से पूर्व सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जा सके। बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों की सराहना की गई और सभी को टीम भावना के साथ नए सत्र को सफल बनाने का आह्वान किया गया।
वरिष्ठ शिक्षाविदों का रहा मार्गदर्शन
मीटिंग के दौरान अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्री शशि कुमार उपाध्याय, श्री दिलीप कुमार हिंगड़ प्रधानाचार्य मांगरोल, कविता चौधरी प्रधानाचार्य पायरी, डॉ. हीरालाल लुहार प्रधानाचार्य बिनोता, डॉ. रवीन्द्र कुमार उपाध्याय प्रधानाचार्य बडोली माधोसिंह, नंद सिंह राणावत प्रधानाचार्य अरनोदा, गौरव बाला कच्छावा प्रधानाचार्य डला उर्फ किशनपुरा एवं रवीन्द्र कुमार सिसोदिया प्रधानाचार्य मंडलाचारण ने भी अपने विचारों एवं बेहतर रणनीति पर चर्चा की। कार्यक्रम के समापन पर रानीखेड़ा प्रधानाचार्य रजनी माहेश्वरी ने सभी संस्था प्रधानों का आभार व्यक्त किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
