राजेंद्र पाल गौतम के उदयपुर दौरे को लेकर कांग्रेस की बैठक संपन्न
उदयपुर में होने वाले संभाग स्तरीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर सर्किट हाउस में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में रणनीति पर चर्चा की गई।

उदयपुर सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद हैं।
कांकरवा, 30 जून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम आगामी 3 जुलाई 2026 को एक दिवसीय उदयपुर दौरे पर रहेंगे। इस प्रवास के दौरान आयोजित होने वाले संभाग स्तरीय सम्मेलन की रूपरेखा और तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आज उदयपुर के सर्किट हाउस में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। राष्ट्रीय को-ऑर्डिनेटर डॉ. शंकर यादव की मुख्य अतिथि में आयोजित इस बैठक में उदयपुर देहात कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा, उदयपुर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष फतह सिंह और एससी विभाग के प्रदेश महासचिव गणेश लाल जाटोलिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. शंकर यादव ने स्पष्ट किया कि राजेंद्र पाल गौतम के उदयपुर आगमन और संभाग स्तरीय सम्मेलन के आयोजन से क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और संविधान के प्रहरियों में नई ऊर्जा का संचार होगा, जो सामाजिक न्याय एवं संविधान की रक्षा के संकल्प को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा। डॉ. यादव ने कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय अध्यक्ष के भव्य स्वागत समारोह, परिवहन व्यवस्थाओं और सम्मेलन से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियों पर विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
प्रदेश महासचिव गणेश लाल जाटोलिया ने उदयपुर संभाग के सभी सात जिलों के जिला अध्यक्षों का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक जिले से जिला एवं ब्लॉक स्तर के लगभग 150 पदाधिकारी सम्मिलित हैं। उन्होंने प्रत्येक पदाधिकारी को कम से कम दो कार्यकर्ताओं को साथ जोड़ने और सम्मेलन में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प दिलाया। बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के अधिकारियों के साथ चित्तौड़गढ़ जिले से प्रदेश महासचिव एवं वकील गणेश लाल जाटोलिया, जिला अध्यक्ष राकेश गारू सहित उदयपुर संभाग के समस्त जिला अध्यक्षों एवं जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने भाग लिया। यह सम्मेलन उदयपुर में सामाजिक न्याय के एजेंडे को धार देने की दिशा में एक निर्णायक कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
