राजस्थान की शौर्य गाथा और सांस्कृतिक विरासत अब ओडिशा की पावन भूमि पर अपना परचम लहराने को तैयार है। प्रख्यात शिक्षाविद् एवं समाजसेवी डॉ. अच्युत सामंत द्वारा स्थापित प्रतिष्ठित कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (KIIT) विश्वविद्यालय, भुवनेश्वर द्वारा आगामी 18 से 21 अप्रैल तक आयोजित होने वाले 'मेगा यूथ कॉन्क्लेव' हेतु प्रदेश के 15 सदस्यीय युवा दल को चयनित कर रवाना किया गया है। देशव्यापी प्रतिभा-आधारित चयन प्रक्रिया के माध्यम से चुने गए इन युवाओं में मेवाड़ क्षेत्र का विशेष दबदबा रहा है, जहाँ से ऋषभ चतुर्वेदी, भूमि चतुर्वेदी, आकाश टांक, राजनंदिनी सोनी, प्रथा झंवर, पूजा चौबीसा, अंजलि चौबीसा एवं अर्चना सिंह नेगी सहित कुल 8 प्रतिभाशाली प्रतिभागियों ने अपनी जगह बनाई है।

महाराणा प्रताप युवा मंडल राजस्थान के राज्य संयोजक एवं प्रखर युवा संसद वक्ता ऋषभ चतुर्वेदी ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए आधिकारिक जानकारी साझा की। उन्होंने विश्वास जताया कि त्याग, बलिदान और शौर्य की प्रतीक मरुधरा राजस्थान के ये 15 मेधावी युवा अपनी बौद्धिक क्षमता और सांस्कृतिक मूल्यों के माध्यम से भगवान जगन्नाथ की धरा पर अमिट छाप छोड़ेंगे। विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठित पहल 'आर्ट ऑफ गिविंग' के तत्वावधान में आयोजित इस गरिमामयी समारोह का मुख्य विषय (थीम) 'शेयर टू शाइन' रखा गया है। यह विषय युवाओं के भीतर परस्पर सहयोग, मानवीय संवेदनशीलता और सामूहिक प्रगति की चेतना जागृत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। देशभर के बौद्धिक कौशल से संपन्न युवाओं को यह कॉन्क्लेव एक ऐसा साझा मंच प्रदान करेगा, जहाँ वे वैचारिक विमर्श, ज्ञान का गहन विनिमय और नवीन प्रेरणा प्राप्त कर भविष्य की चुनौतियों हेतु स्वयं को सशक्त बना सकेंगे।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story